त्रिलोकपुर में किया गया जल शक्ति मेले का आयोजन, नई तकनीकों पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनी

Tuesday, Sep 03, 2019 - 03:52 PM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया जल शक्ति अभियान जोर पकड़ रहा है। जलशक्ति अभियान के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र के त्रिलोकपुर में जल शक्ति मेले का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने की। इस मेले का आयोजन हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं के तत्वावधान में किया गया था।

मेले के दौरान जल संरक्षण और प्रबंधन की नई तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी के अलावा लोगों को नवीनतम टेक्नोलॉजी पर आधारित सिंचाई व्यवस्था पर आधारित जानकारी दी गई। इस दौरान किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि जल शक्ति अभियान मोदी सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और मकसद यह है कि कैसे जल की बूंद बूंद को बचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 तालाबों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो चुका है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि जल शक्ति अभियान में नाहन विधानसभा क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मेले में जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया है ताकि जल शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके और जल का संरक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत जो कार्य शुरू हुए हैं वह अपने आप में क्रांतिकारी है।

 

 

 

Edited By

Simpy Khanna