जयराम ठाकुर की सीएम सुक्खू को नसीहत, बोले-भाजपा को दोष देने की बजाय अपनी गलती स्वीकारें

Thursday, Mar 21, 2024 - 06:50 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू काे नसीहत देते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी में चली उथल-पुथल के लिए भाजपा को दोष देना बंद करें। उन्हें अपनी गलती को स्वीकार करना चाहिए कि बतौर मुख्यमंत्री वह अपने साथियों को साथ चलाने में नाकाम रहे हैं। कांग्रेस सरकार के 15 महीने के कार्यकाल में न तो प्रदेश की जनता खुश है और न ही कांग्रेस के कार्यकर्त्ता, नेता, मंत्री व विधायक के साथ-साथ पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष खुश हैं। प्रदेश में हालात ऐसे बन गए हैं कि सभी निराश व परेशान हैं।

चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता
जयराम ठाकुर ने सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस के 6 विधायकों ने राज्यसभा के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को चोरी-छिपे वोट नहीं किया बल्कि अपनी पार्टी के पोलिंग एजैंट को अपना वोट दिखाकर मतदान किया है। इनमें से कुछ विधायकों का मानना है कि प्रदेश में ऐसे लोग सरकार चला रहे हैं जो कभी चुनाव लड़े ही नहीं हैं और यदि लड़ जाएं तो कभी चुनाव ही नहीं जीतेंगे। ये लोग केवल विधायकों को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के हालात ऐसे हैं कि कभी कोई मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे रहा है तो कोई मंत्री मंत्रिमंडल की बैठक को बीच में छोड़कर बाहर रोते हुए निकलता है। सभी दुखी हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने तो मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। उनका आरोप है कि सरकार ने पिछले 15 महीनों में अपने कार्यकर्त्ताओं की अनदेखी की है और ऐसी हालत में वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। पूरे देश में ऐसी स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे हैं।

बागी विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर फैसला जल्द
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के 6 बागी पूर्व विधायकों के साथ-साथ 3 निर्दलीय विधायकों के जल्द भाजपा में शामिल होने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस पर पार्टी हाईकमान जल्द कोई फैसला करेगी। उन्होंने बताया कि खासतौर पर राज्यसभा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने के साथ विधानसभा में व्हिप का उल्लंघन करने पर उनकी सदस्यता को समाप्त किया है। जिन लोगों ने हमारी पार्टी का साथ दिया है उनके लिए हम आने वाले समय में अच्छा कार्य करेंगे।

वीरेन्द्र कंवर और रामलाल मारकंडा से करेंगे बात
जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर व रामलाल मारकंडा को लेकर पूछे गए सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि वह भाजपा के साथी हैं। उनके साथ बात करेंगे। अभी कुछ भी कहना उचित नहीं है। अभी पार्टी का निर्णय होना बाकी है। उन्होंने मंडी से चुनाव लड़ने के सम्बन्ध में पूछे गए सवाल को लेकर कहा कि पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay