धूमल व अनुराग पर पूर्व सरकार ने राजनीतिक बदले की भावना से दर्ज किए थे केस: जयराम

Monday, Nov 05, 2018 - 05:02 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पूर्व सरकार ने धूमल और अनुराग पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से बनाए गए केसों को सरकार ने वापस लिया है। सोमवार को चिंतपूर्णी क्षेत्र के उपमंडल मुख्यालय अम्ब में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राजनीतिक तौर पर प्रताड़ित किए जाने की प्रथा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। एक दूसरे के खिलाफ मामलों के दौर झेलने की इस प्रथा को उनकी सरकार ने खत्म किया है। अब कोई भी समाचार पत्रों में कोर्ट पेशियों की बात नहीं होती है। केवल विकास की बात ही हो रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल विकास की राह पर बढ़ने लगा है। टोपी पर राजनीति को बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को भी सलाह दी कि वह अब राजनीतिक दृष्टिकोण की परम्परा को बंद कर दें। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने उनके एक वर्ष के कार्यकाल को लेकर झूठे आरोप लगाने के लिए चार्जशीट बनाई तो पार्टी नतीजे भुगतने के लिए भी तैयार रहे। बदले की भावना से आरोप लगाने की यह परम्परा नहीं होनी चाहिए। यदि कांग्रेस ने इस परम्परा का निर्वहन किया तो उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास कांग्रेस सरकार की 5 वर्ष की चार्जशीट मौजूद है। यदि कांग्रेस ने पहल की तो उसे नतीजे भी भुगतने पड़ेंगे। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि 5 वर्ष तक सत्ता में रहने वालों ने कुछेक विस क्षेत्रों को नजरंदाज किया और एक बार भी उन क्षेत्रों का दौरा नहीं किया। अब ऐसा नहीं होगा। बतौर मुख्यमंत्री वह हर हलके का दौरा कर विकास की योजनाओं को आरंभ करेंगे। सी.एम. ने कहा कि पूर्व वीरभद्र सरकार ने 5 वर्ष में एक भी प्रोजैक्ट केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए नहीं भेजा था। जब समीक्षा की गई तो यह तथ्य सामने आए। उनकी सरकार ने 10 माह के दौरान करीब 9 हजार करोड़ के प्रोजैक्टों को केंद्र सरकार से स्वीकृत करवाया है। तमाम योजनाएं शुरू होंगी लेकिन एक भी पैसा किसी की जेब में नहीं जाएगा। यह दौर अब पूरी तरह से खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके सी.एम. बनने को लेकर कई प्रकार के आंकलन लगा रहे थे। कुछ यह मान रहे थे कि नया व्यक्ति है। 

सत्ता चलेगी या नहीं चलेगी और अनुभव की कमी है लेकिन 10 माह के शासनकाल के दौरान उनका अब कामकाज बोलने लगा है। समय ने खुद ही ऐसे लोगों को उत्तर दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह साधारण कार्यकर्ता के तौर पर भाजपा में जो भी दायित्व मिला उसे निभाते रहे। उनके परिवार का न पहले राजनीतिक संबंध रहा है और न ही आगे कोई ऐसी योजना है। सी.एम. ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में कतई समझौता नहीं करेगी। स्वां चैनेलाइजेशन की टैंडर प्रक्रिया को लेकर पूछे गए सवालों के उत्तर में सी.एम. ने कहा कि प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन करवाया जाएगा। सरकार किसी की कोई फेवर नहीं करेगी। नेता प्रतिपक्ष के पास यदि टैंडर प्रक्रिया को लेकर कोई तथ्य हैं तो वह उन्हें प्रस्तुत करें। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वां चैनेलाइजेशन की टैंडर प्रक्रिया कानून व नियमों की परिधि में ही पूरी की जाएगी। किसी को लाभ पहुंचाने की कोई मंशा नहीं है। 3 टैंडर की जगह एक टैंडर कर दिए जाने के सवाल पर सी.एम. ने कहा कि असली मकसद चैनेलाइजेशन का कार्य सही ढंग से संपन्न करना है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मनाली के प्रीणी में एक स्मारक बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। रिज पर उनका स्टैच्यू लगाने के साथ-साथ रोहतांग टनल और कौल डैम के प्रोजैक्ट का नाम भी वाजपेयी जी के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।

Ekta