कौन सी कांग्रेस कर रही है विरोध प्रदर्शन: जयराम ठाकुर

Monday, Nov 11, 2019 - 03:07 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि यह कौन सी कांग्रेस है जो विरोध प्रदर्शन कर रही है? इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सरकार के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शनों के सवाल पर सी.एम. ने यह टिप्पणी ऊना में की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस पार्टी के भीतर तमाशा देख रहे हैं तो कुछ कोई और ही राग आलाप रहे हैं। धर्मशाला में कांग्रेस पार्टी की जमानत जब्त हो गई। पूरे देश में कांग्रेस की फजीहत हो रही है। 

पार्टी बुरे दौर से गुजर रही है। सी.एम. ने कहा कि पहले भाजपा विस चुनावोंं में सफल हुई फिर लोकसभा चुनावों में प्रचंड जीत मिली और अब उपचुनावों में शानदार विजय हुई। कांग्रेस पूरी तरह से धराशाई हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी सत्ता के दौरान जो जो खेल खेलते रहे और जो उनकी कारगुजारी थी उसी को लेकर अब दूसरों पर आरोप लगाने का प्रयास कर रहे हैं। हिमाचल में सफल इन्वेस्टर मीट हुई है। सरकार निवेश को लेकर गंभीरता के साथ काम कर रही है।

सरकार का बेहद सफल कार्यक्रम धर्मशाला में हुआ है जिसमें देश भर के निवेशकों ने प्रदेश के बदले माहौल में निवेश करने की इच्छा जाहिर की है। इसको लेकर एम.ओ.यू. भी किए गए हैं। अब सरकार इसके आगे की प्रक्रिया पर अमल करेगी। हिमाचल ऑन सेल के कांग्रेस के आरोपों पर जयराम ने कहा कि इस प्रकार की बातें करने की कांग्रेसी नेताओं की यह पुरानी आदत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल विधानसभा द्वारा पारित किए गए नशे के खिलाफ सख्त कानून को स्वीकृति बारे मामला केंद्र सरकार से उठाया गया है। इस कानून में नशे में संलिप्त आरोपियों को जमानत न मिले इसका प्रावधान किया गया है।

 

Ekta