जयराम सरकार हुई वीरभद्र पर मेहरबान, बढ़ाई सुरक्षा

Wednesday, Feb 07, 2018 - 03:51 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में सत्तासीन होने के एक महीने में ही जयराम सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सुरक्षा के लिए उनके निजी आवास हॉली लॉज पर 10 जवान तैनात कर दिए हैं। हालांकि इससे पहले उनके आवास पर एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल ही तैनात थे। अब सुरक्षा जवानों में हुई बढ़ोतरी के पीछे उनके आवासीय क्षेत्र के बड़ा होने की बात की जा रही है। 


हिमाचल पुलिस ने वीरभद्र के हॉली लॉज पर एक हेड कांस्टेबल के साथ नौ जवानों की तैनात की है। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में यह बदलाव पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर अनौपचारिक रूप से किया गया है। हालांकि इस बदलाव के पीछे पुलिस का कोई भी अधिकारी आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं है। 


बताया जाता है कि एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस के एक आला अधिकारी के निर्देश पर ही पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाई गई है। उनके हॉली लॉज पर कई एंट्री व एग्जिट प्वाइंट होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्रियाें प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार के आवास पर भी एक हेड कांस्टेबल और चार कांस्टेबल तैनात है, लेकिन वीरभद्र सिंह की सुरक्षा में हुए बदलाव के बाद विभाग में चर्चा का माहौल है।