वीरभद्र सरकार की राह पर जयराम सरकार, HRTC में हो सकती है इनकी नियुक्ति

Wednesday, Jul 18, 2018 - 03:51 PM (IST)

शिमला: सूबे की जयराम सरकार भी अब पुर्व वीरभद्र सरकार की राह पर चलकर विभिन्न विभागोंं में रिटायरियों को नियुक्त करने की तैयारी कर रही है। इन दिनों हिमाचल पथ परिवहन निगम में एक बार फिर से कुछ रिटायरियों को नियुक्त करने की तैयारी की जा रही है। कुछ माह पूर्व एच.आर.टी.सी. से रिटायर हुए कर्मचारी अपनी नियुक्ति को लेकर सरकार के आलाधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। सचिवालय में उच्च पदों पर बैठे आलाधिकारी इस कार्य में रिटारियों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर चुके हैं साफ इंकार
हालांकि वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने कार्यकाल में रिटायरियों को नियुक्त करने से साफ मना किया है और भाजपा के विजन डाक्यूमैंट में भी रिटायर व टायर्ड को दोबारा नियुक्ति देने के लिए साफ मना किया गया है लेकिन फिर भी उच्च पदों पर बैठे आलाधिकारी इस कार्य को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अब मामला एच.आर.टी.सी. की बी.ओ.डी. में रखेंगे।


सचिवालय के चक्कर काट रहे रिटायर कर्मचारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एच.आर.टी.सी. में एस.ओ., एस.ए.एस.,पैंशन ब्रांच में सुपरीटैंडेंट, रिटायर प्राइवेट सैक्टरी के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी इन दिनों एच.आर.टी.सी. सहित सचिवालय के चक्कर काट रहे हैं। पूर्व सरकार के समय भी इन रिटायर कर्मचारियों का एच.आर.टी.सी. व  सचिवालय में खूब बोलबाला रहा है। हालांकि अपनी रिटायरमैंट के दौरान भी इन कर्मचारियों ने उन्हें दोबारा नियुक्ति प्रदान करने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगाया लेकिन मामला सरकार के ध्यान में आने के बाद बात सिरे नहीं चढ़ सकी।


बी.ओ.डी. की बैठक में होगा निर्णय
अब एक बार फिर से बी.एस.एम.डी. सहित अन्य जगहों पर नियुक्ति के लिए ये रिटायर कर्मचारी अपना पूरा जोर लगा रहे हैं। यह मामला हालांकि फाइलों में अब निपटा लिया गया है और अंत में बी.ओ.डी. की बैठक में इसे अपु्रव करवाने के लिए फाइल पेश की जाएगी। एच.आर.टी.सी. में अगले सप्ताह तक बी.ओ.डी. की बैठक निर्धारित की गई हैै और इस बैठक में यह निर्णय लिया जा सकता है।

Vijay