जयराम कैबिनेट ने SMC शिक्षकों को दी बड़ी राहत, जानिए क्या लिए फैसले

Tuesday, Apr 03, 2018 - 09:23 AM (IST)

शिमला (पत्थरिया): प्रदेश सरकार ने पूर्व कांग्रेस सरकार के समय लाए गए हिमाचल प्रदेश खेल (संगमों का रजिस्ट्रीकरण, मान्यता और विनियमन) विधेयक, 2015 को वापस लेने का निर्णय लिया है। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर की तरफ से इस विधेयक को वापस लेने का प्रस्ताव 3 अप्रैल को विधानसभा में लाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह विधेयक लंबे समय से राजभवन में लंबित पड़ा है, जिसे स्वीकृति नहीं मिली है। इस विधेयक के तहत एच.पी.सी.ए. सहित 42 खेल संगठनों को दायरे में लेने का प्रस्ताव था। सरकार ने 2,630 एस.एम.सी. शिक्षकों को राहत देते हुए उनकी सेवाएं आगामी 1 साल तक लेने का निर्णय लिया है। 


ये शिक्षक प्रदेश के 100 से अधिक स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 31 मार्च और शीतकालीन स्कूलों में 13 फरवरी को इन शिक्षकों का सेवाकाल समाप्त हो चुका है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल ने मंडी में प्रस्तावित कलस्टर यूनिवॢसटी विधेयक को भी अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके लिए केंद्र सरकार ने करीब 55 करोड़ रुपए की राशि मंजूर कर दी है। यूनिवॢसटी के तहत 4 कालेज आएंगे। इसके अलावा केंद्र के नियमों के मुताबिक ही राज्य में बिल्डरों को मंजूरी देने के लिए मौजूदा विधेयक में संशोधन किया जाएगा। इस विधेयक में संशोधन किया जाएगा। वर्तमान विधेयक में इसका प्रावधान न होने के कारण 2 एक्ट हो गए थे। 


इसी तरह हिमाचल प्रदेश ङ्क्षहदू सार्वजनिक धार्मिक संस्था और पूर्त विन्यास संशोधन विधेयक भी सदन में लाने को मंजूरी दी गई। बैठक में मनाली स्थित पर्वतारोहण संस्थान में निदेशक के पद के अलावा विभिन्न विभागों में 200 पदों को भरने का निर्णय लिया गया है। बागवानी विकास अधिकारी के 70 पद, आबकारी विभाग में 10 पद और आयुर्वेद तथा पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा। कुछ विभागों में पुरानी गाडिय़ों के स्थान पर नई गाडिय़ों की खरीद भी की जाएगी। इसके अलावा दाड़लाघाट में कोषागार कार्यालय खोलने संबंधी अनुमति दिए जाने की सूचना है। 


100 दिन के कार्यकाल पर विस्तृत चर्चा
बैठक में सरकार के 100 दिन के कार्यकाल को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें 100 दिन के लिए किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। सरकार ने इन वायदों को पूरा करने के लिए बराबर निगरानी रखी है, जिसमें मंत्रियों से लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है।


स्कूलों में योग के साथ संगीत की भी दी जाएगी शिक्षा 
स्कूलों में योग के साथ संगीत की शिक्षा शुरू करने की तरफ भी सरकार ध्यान देगी। सरकार ने योग शिक्षा के लिए एस.सी.ई.आर.टी. सोलन को पाठ्यक्रम तैयार करने को कहा है। वन विभाग की प्रस्तावित ईनामी योजना को भी मंत्रिमंडल द्वारा हरी झंडी दिए जाने की सूचना है। 


150 पेड़ों को काटने की अनुमति 
सूत्रों के अनुसार शिमला में घरों के लिए खतरा बने 150 पेड़ों को काटा जाएगा। इन पेड़ों को काटे जाने की मांग लोगों की तरफ से आई थी, जिसके बाद ट्री कमेटी की सिफारिश पर मंत्रिमंडल की तरफ से इसे मंजूरी प्रदान किए जाने की सूचना है।

Ekta