नादौन में जैनियों ने सम्वत्सरी महापर्व धूमधाम से मनाया, 84 लाख योनियों से की क्षमा याचना

Friday, Sep 14, 2018 - 03:04 PM (IST)

नादौन : जैन मंदिर नादौन में जैन समुदाय का सम्वत्सरी महापर्व मनाया गया। पर्व के उपलक्ष्य पर जैन समुदाय के लोगों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे तथा इस पर्व को मिलजुलकर मनाया। इस पर्व को मनाते हुए जैनियों ने व्रत रखा तथा दिनभर भजन-कीर्तन व धार्मिक क्रियाओं में लीन रहे। सुबह-सवेरे जैन समुदाय के लोगों ने प्रभातफेरी में भाग लिया। प्रभातफेरी के बाद जैनियों ने इस दिन को मनाते हुए विधिवत माला का दौर शुरू किया, जो शाम तक जारी रहा।

शाम के समय संध्या फेरी का आयोजन भी किया, जिसमें लोगों ने भगवान महावीर की शिक्षाओं का भजन के रूप में गायन किया। एस.एस. जैन सभा नादौन में चातुर्मासार्थ विराजित श्री शिवेंद्र मुनि जी महाराज ने भगवान महावीर की अमृतवाणी का मंगल संदेश देते हुए श्रावक जन को जीवन का बोध करवाया। आत्म कल्याणी प्रभुवाणी का संदेश जप-तप-श्रवण-दान-क्षमा-मैत्री के द्वारा लोगों तक पहुंचाया। सम्वत्सरी महापर्व को जैन समुदाय ने मनाते हुए पृथ्वी के सभी 84 लाख योनियों के जीवों से क्षमा याचना की, जिनको कि उनके कारण कष्ट पहुंचा है।

इस पर्व को मैत्री पर्व के रूप में मनाते हुए जैन समुदाय के लोगों ने बिना किसी गिले-शिकवे के एक-दूसरे को गले लगाया तथा मैत्री का संदेश दिया। शिवेंद्र मुनि जी महाराज ने कहा कि यह पर्व मुक्ति के मार्ग का रास्ता प्रशस्त करता है। यह पर्व भूलने का पर्व भी है, जिसमें वैर-विरोध को भूलना, कषायों को भुलाना व दूसरों की गलतियों को भुलाना शामिल है, इससे मन पवित्र बनेगा। 
 

kirti