ITBP के जवान 20630 फीट ऊंची चोटी पर फहराएंगे तिरंगा

Monday, Jul 30, 2018 - 04:51 PM (IST)

शिमला (राजीव): आईटीबीपी (भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों का पर्वतारोहण दल 20630 फीट ऊंची लाहौल-स्पीति जिले के मणीरांग चोटी पर तिरंगा फहराएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस क्षेत्रीय मुख्यालय तारा देवी शिमला से उत्तरी सीमा पर्वतारोहण अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पर्वतारोहण दल 28 सदस्यों का है। 1 अगस्त से लेकर 25 अगस्त तक यह स्वच्छ भारत अभियान के तहत जागृत करेगा। यह चोटियों पर गंदगी को इकट्ठा कर उन्हें हर्बल तरीके से डिस्ट्रॉय करेंगे। इतना ही नहीं यह रिकांगपियो से 35 किलोमीटर का पैदल सफर करेगा।  


मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पण, देशभक्ति और कार्यकुशलता से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से जवानों में नेतृत्व व आत्मविश्वास के साथ-साथ अनिश्चित एवं कठिन परिस्थितियों में जिम्मेवारी के साथ कार्य करने का प्रशिक्षण मिलता है। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। साथ ही इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि यह संगठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है। 


यह अभियान पर्यावरण, जागरूकता तथा स्वच्छता के सन्देश को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने हाल ही में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा किन्नौर जिले की सांगला घाटी के नागस्ती में किए गए बचाव कार्यों के दौरान कीमती जिन्दगियों के बचाव की सराहना की। उन्होंने बल द्वारा भारत-चीन सीमा की रक्षा तथा हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों में स्थानीय जनसंख्या के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह बल प्राकृतिक आपदाओं के समय महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। उन्होंने कहा कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने वर्तमान वर्ष के दौरान 53 चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी किया है। उधर दल के टीम लीडर रजत का कहना है इससे पहले भी भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस का पर्वतारोहण दल ने कई चोटियां फतह की है।  

Ekta