कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले IPH मंत्री, कहा-राजनीति से मन भर चुका अब शायद चुनाव न लड़ूं

Saturday, Oct 06, 2018 - 10:43 PM (IST)

हमीरपुर: आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि सुजानपुर की जनता ने घर आई लक्ष्मी को नहीं संभाला और गत विस चुनावों में बहुत बड़ी चूक कर दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कहीं पूर्ण विकास नहीं लगता है। राजनीति में धूप और छांव आती रहती है। आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह सुजानपुर विस क्षेत्र के टौणी देवी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुझे संगठन का ज्यादा पता नहीं है, लेकिन मैं वक्त के अनुसार काम करता हूं और चुनाव को कभी हल्के में नहीं लेता हूं। उन्होंने कहा कि राजनीति से अब मन भर चुका है, शायद ही अगला चुनाव में लड़ूं लेकिन 2019 लोकसभा चुनावों में सुजानपुर और धर्मपुर विस क्षेत्र में मुकाबला होगा कि किस क्षेत्र से ज्यादा बढ़त भाजपा को मिलेगी।

केंद्र में दोबारा बनने जा रही मोदी सरकार
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र में दोबारा मोदी की सरकार बनने जा रही है और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर चौथी बार जीतकर केंद्र सरकार में निश्चित तौर पर मंत्री बनेंगे। इसलिए कार्यकत्र्ता 2019 लोकसभा चुनावों की तैयारियों में डट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा को कभी कांग्रेस नहीं हरा सकती अगर भाजपा कहीं हारी है तो उसे भाजपा ने ही हराया है।    

Vijay