IPH मंत्री बोले-3 राज्यों में सिमटी कांग्रेस, जल्द मुक्त होगा देश

Thursday, May 17, 2018 - 01:06 AM (IST)

राजगढ़ (गोपाल): देश जल्द कांग्रेस मुक्त होने जा रहा है और कांग्रेस अब महज 3 राज्यों में ही सिमटकर रह गई है। यह बात आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सराहां में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टिकोण की बदौलत आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इससे विश्वभर में देश का मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से लोगों में भाजपा के प्रति विश्वास कायम हुआ है। स्थानीय विधायक सुरेश कश्यप की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि यह सदन व सदन के बाहर हमेशा ही पच्छाद के विकास को लेकर चिंतित रहते हैं।


सिरमौर से मेरा विशेष लगाव
उन्होंने कहा कि सिरमौर से उनका विशेष लगाव रहा है। 12 जिलों में चम्बा व सिरमौर दशकों तक उपेक्षित रहे हैं। संगठन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होती है और यही कारण है कि भाजपा को आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन का गौरव प्राप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अब तक का सबसे श्रेष्ठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि वह बहुत ही सरल स्वभाव व आम व्यक्ति की समस्याओं को समझने वाले व्यक्ति हैं जो विकास कार्यों के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने प्रथम मुख्यमंत्री डा. वाई.एस. परमार को छोड़कर सभी मुख्यमंत्रियों के साथ कार्य किया, जिसमें वर्तमान मुख्यमंत्री की कार्यशैली सबसे उत्तम है। उनकी दूरगामी सोच उन्हें जीवन में बहुत आगे ले जाएगी। 


मोदी सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्प
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1971 की जनगणना के आधार पर बनी पेयजल योजनाए अब आऊटडेटिड हो गई हैं जिसके चलते जनता को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। अब प्रदेश में बहुत बड़े परिवर्तन की जरूरत है। वर्तमान में हमें पहले के मुकाबले 20 गुना पानी की जरूरत है।


करोड़ों की नहीं अरबों की बनाई जा रहीं योजनाएं
जलवायु परिवर्तन से नदी, नाले व चश्मे लगातार सूख रहे हैं। इसे देखते हुए अब करोड़ों नहीं बल्कि अरबों की योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिनमें से कुछ योजनाओं को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। 1134 करोड़ की बागवानी विकास परियोजना के कार्यान्वन पर उन्होंने कहा कि वह किसी क्षेत्र विशेष के विरोधी नहीं हैं मगर यह परियोजना 68 में से केवल 5 हलकों में लागू की गई जबकि समूचे प्रदेश को इससे अलग रखा गया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सेब के अलावा अन्य फलों के उत्पादन को भी बल मिलना चाहिए। 


हर युवा को सरकारी क्षेत्र में रोजगार नहीं दे सकती सरकार
उन्होंने कहा कि सरकार हर युवा को सरकारी क्षेत्र में रोजगार प्रदान नहीं कर सकती बल्कि उन्हें बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार दिलाया जा सकता है। उन्होंने बागवानी विकास के लिए डा. वाई.एस. परमार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संपूर्ण प्रदेश में लागू करवाया था न की एक-दो जिलों में बागवानी विकास किया। इससे पहले स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सराहां पहुंचने पर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

Vijay