IPH मंत्री ने HPMC प्लांट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को जमकर लगाई लताड़

Tuesday, Jul 17, 2018 - 10:47 AM (IST)

परवाणु (राजीव): प्रदेश सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी तथा सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने परवाणु ई.एस.आई. अस्पताल के समीप स्थित एच.पी.एम.सी. प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री अधिकारियों की कार्यप्रणाली से काफी नाराज दिखाई दिए और अधिकारियों को इसके लिए जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने प्लांट के हर कोने की बारीकी से छानबीन की तथा स्टॉक रजिस्टर भी खंगाले। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी की आशंका के चलते इसकी विजीलैंस जांच के लिए उसे अपने साथ ही ले गए। इसके अलावा मंत्री जब निरीक्षण कर रहे थे तो उनकी नजर सीढ़ियों पर पड़ी जिसका रास्ता दो अलमारियां लगा कर बंद किया गया था। 


सीढिय़ों का रास्ता ऊपर स्टोर रूम की तरफ जाता है। मंत्री जब वहां पहुंचे तो वहां अव्यवस्था का आलम था। वहां 2015 के बने टेट्रा पैक जूस रखे मिले और अन्दर जाकर देखा तो हॉल में खाली गत्ते की पेटियां पड़ी मिलीं। छत से भारी मात्रा में पानी टपक रहा था यह सब देख मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भड़क गए व प्रबंधक की जमकर क्लास लगाई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कृषि उद्योग निगम के प्रबंध निदेशक एच.एस. चौधरी, सहायक आयुक्त परवाणु एस.पी. जसवाल, हिमाचल प्रदेश कृषि उद्योग निगम के उप महाप्रबंधक प्रताप सिंह चौहान, एच.पी.एम.सी. परवाणु के संयंत्र प्रबंधक बी.एस. सैनी व अन्य कई लोग मौजूद रहे।


एच.पी.एम.सी. प्लांट की सालाना 12 लाख रुपए आय से मंत्री असंतुष्ट दिखे व प्लांट के प्रबंधक से इस बारे जवाब तलबी भी की गई। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने के अन्दर अपनी कार्यप्रणाली सुधारें नहीं तो प्लांट बंद करके अधिकारियों व कर्मचारियों को अन्य विभागों में शिफ्ट करके दूरदराज के इलाकों में पोस्ट किया जाएगा। बागवानी मंत्री ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों को लताड़ लगाते हुए कहा कि एच.पी.एम.सी. में विभिन्न उत्पादों का उत्पादन बढ़ाने तथा उत्पादों की बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने निगम के प्रबंध निदेशक मदन चौहान को निर्देश दिए कि एच.पी.एम.सी. के उत्पादों के विपणन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेहतर विपणन नीति अपनाकर उत्पादों की पहुंच को व्यापक बनाया जा सकता है।

Ekta