इन्वैस्टर मीट: चंडीगढ़ से चार्टर प्लेन से धर्मशाला जाएंगे VIP

Wednesday, Nov 06, 2019 - 09:53 AM (IST)

सोलन (पाल): धर्मशाला में 7 व 8 नवम्बर को आयोजित होने जा रही राइजिंग हिमाचल ग्लोबल इन्वैस्टर मीट में देश-विदेश से आने वाले मेहमान चंडीगढ़ से धर्मशाला चार्टर प्लेन से जाएंगे। इसके लिए सरकार ने 2 चार्टर प्लेन किराए पर लिए हुए हैं। इनके स्वागत व सुविधा के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट में विशेष काऊंटर स्थापित किया गया है। एयरपोर्ट में व्यवस्था की निगरानी डी.सी. सोलन करेंगे। इसके लिए ए.डी.एम. सोलन विवेक चंदेल को नोडल ऑफिसर बनाया गया है। उनके अलावा अतिरिक्त सचिव (जी.ए.डी.) मनोज तोमर, सहायक आयुक्त (प्रोटोकोल) परवाणु विक्रम सिंह नेगी, सदस्य सचिव एकल खिड़की समाधान केन्द्र उद्योग विभाग परवाणु के पी.एल. नेगी, राष्ट्रीय पार्टनर सी.आई.आई. गौरव महाजन, एच.पी.टी.डी.सी. के सहायक वेटर चंडीगढ़ के राजेश्वर सिंह व एच.पी.टी.डी.सी. के सहायक वेटर चंडीगढ़ के अमर सिंह की चंडीगढ़ एयरपोर्ट में ड्यूटी लगाई गई है।

इस कमेटी का कार्य दिल्ली से आने वाले मेहमानों को सुविधा प्रदान करना ही नहीं होगा बल्कि धर्मशाला से इन्वैस्टर मीट से भाग लेकर चंडीगढ़ आने वाले मेहमानों को दिल्ली तक पहुंचाने की भी व्यवस्था करनी होगी। सूत्रों का कहना है कि उद्योगपति दिल्ली से भी चार्टर फ्लाइट से चंडीगढ़ आएंगे। डी.सी. सोलन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को चंडीगढ़ जा रहे हैं। इन्वैस्टर मीट में भाग लेने के लिए देश-विदेश से आ रहे लगभग सभी उद्योगपति चंडीगढ़ एयरपोर्ट से ही धर्मशाला जाएंगे। गगल एयरपोर्ट से चार्टर प्लेन से ही चंडीगढ़ वापस लौटेंगे।


 

Ekta