चंबा नेगी राम ब्लाइंड म/र्डर: अब तेज हुई जांच, जल्द बेनकाब होंगे आरोपी; विधानसभा में भी उठा मुद्दा
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 04:09 PM (IST)
Chamba News : उपमंडल चुराह के जुकयानी क्षेत्र में हुए नेगी राम ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए अब पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद एसपी विजय सकलानी ने घटनास्थल का दौरा किया। मौके पर पहुंच कर बारीकी से हर पहलू का जायजा लिया। उन्होंने उस जगह का मुआयना किया जहां नेगी राम का बेरहमी से कुचला हुआ शव झाड़ियों से बरामद हुआ था। इस दौरान उनके साथ एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा भी मौजूद रहे।
एसपी विजय सकलानी ने अब तक पुलिस टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों की पूरी जानकारी ली। उन्होंने जांच टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस ब्लाइंड मर्डर की तह तक पहुंच कर मामले को जल्द से जल्द सुलझाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि इस मामले में जो भी संलिप्त होगा, पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और हत्याकांड में शामिल हर चेहरे को जल्द बेनकाब किया जाएगा। गौरतलब है कि नेगी राम हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने 2 संदिग्धों को दबोच रखा है, जो इस समय लंबे पुलिस रिमांड पर चल रहे हैं। नेगी राम का दोस्त और इस मामले का संदिग्ध गोविंद पहले 5 दिन की रिमांड पर था, और पूछताछ में सहयोग न करने पर अदालत ने उसे 6 दिन के अतिरिक्त पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। घटनास्थल पर मिले रहस्यमयी और बिना सिम वाले मोबाइल फोन के कनैक्शन के आधार पर गिरफ्तार की गई महिला आरोपी तिमरो 7 दिन के पुलिस रिमांड पर चल रही है।
पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि वह चोरीशुदा फोन जुकयानी तक कैसे और किसके जरिए पहुंचा था। लंबे रिमांड और कड़ी पूछताछ के बावजूद भले ही अभी तक दोनों आरोपियों ने खुलकर अपना मुंह पूरी तरह से नहीं खोला है, लेकिन पुलिस ने अपनी रणनीति बदल दी है। एसपी विजय सकलानी और एसडीपीओ रंजन शर्मा की सीधी निगरानी में पुलिस पूरी ताकत से साजिश की परतें उधेड़ने में जुटी है।
हंसराज ने उठाई हत्यारों को बेनकाब करने की मांग
मामला अब विधानसभा के पटल तक पहुंच गया है। विधानसभा सत्र की कार्यवाही के दौरान चुराह के विधायक हंसराज ने इस गंभीर मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान इस खौफनाक वारदात की ओर आकर्षित करते सरकार और पुलिस प्रशासन के समक्ष कड़ी मांग रखी कि सरकार नेंगी राम की हत्या जिस अत्यंत वेरहमी और निर्ममता के साथ की गई है, उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सिर को बुरी तरह कुचलना और शरीर पर तेजधार हथियार के वार होना यह साफ वयां करता है कि हत्यारे बेहद क्रूर मानसिकता के थे। उन्होंने कहा कि पुलिस एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा व थाना प्रभारी की अगुवाई में मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। उन्होंने मांग की है कि पर्दे के पीछे जो गुनहगार है, उन्हें जल्द पता लगाकर गिरफ्तार किया जाए।

