प्रदेश को ''उड़ता हिमाचल'' बनाने में महिलाएं भी पीछे नहीं, 25 दिन में 5 गिरफ्तार

Sunday, Sep 01, 2019 - 03:04 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): कांगड़ा के युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने में महिला तस्कर भी पीछे नहीं हैं। अगस्त माह के 25 दिनों में कांगड़ा पुलिस ने 4 महिलाओं को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है जबकि एक महिला को नशीले कैप्सूल बेचते हुए गिरफ्तार किया है। कांगड़ा पुलिस ने अगस्त माह में अब तक चिट्टे से संबंधित 15 केस दर्ज कर 4 महिलाओं सहित 23 लोगों से 85.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस की ओर से पकड़े गए इस चिट्टे की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए में हैं। पुलिस के अनुसार पिछले 25 दिनों में कांगड़ा पुलिस ने विभिन्न थानों में हेरोइन, चरस, कैप्सूल और चूरा पोस्त के 23 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 5 महिलाओं सहित 33 आरोपियों को को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है। 

पुलिस ने 15 आरोपियों से 85.57 ग्राम हेरोइन, 3 आरोपियों से 697 ग्राम चरस और चार आरोपियों से 41064 विभिन्न प्रकार के नशीले कैप्सूल पकड़े हैं। इसके अलावा एक व्यक्ति को कांगड़ा पुलिस ने 199 ग्राम चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। कांगड़ा पुलिस की ओर से नशे के कारोबार में संलिप्त पाई गई अधिकतर महिलाएं पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों से संबध रखती हैं। इन्ही क्षेत्रों से अधिक महिलाएं नशे के कारोबार में संलिप्त हैं जिन पर पुलिस समय-समय पर कार्रवाई कर नुकेल कसने की कोशिश कर रही है। बावजूद इसके कुछ महिलाएं युवकों को नशे की गर्त में धकेल रही हैं। जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने कहा कांगड़ा पुलिस ने हेरोइन, चरस, कैप्सूल और चूरा पोस्त के 23 मामलों में 23 लोगों को गिरफ्तार किया इनमें से पांच महिलाएं भी शामिल हैं।


 

Ekta