नशे में धुत्त पूर्व प्रधान का हुड़दंग, पुलिस कर्मियों से की बदसलूकी

Sunday, Feb 25, 2018 - 03:34 PM (IST)

पांवटा: पांवटा साहिब के बहराल पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश पंवार को हुड़दंग मचाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व प्रधान का सिविल अस्पताल पांवटा में मेडिकल करवाया गया। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त में है और पुलिस की आगामी कार्रवाई जारी है।


बताया जाता है कि पांवटा साहिब में नशे की हालत में धुत्त पूर्व प्रधान ने जमकर हंगामा किया। शराब पीकर वाहन चला रहे पूर्व प्रधान को जब ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने रोका तो उसने उनके साथ बदसलूकी की। वह नशे की हालात में स्कूटी दौड़ा रहा था। जब उसे ऐसा करने से रोका गया तो वो उल्टा पुलिस पर रोब झाड़ता रहा। किसी तरह पुलिस कर्मी उसे अपनी गाड़ी में बिठा कर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लेकर आए, लेकिन यहां पर भी उसका हुड़दंग कम नहीं हुआ। वह नशे की हालत में पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौच करता रहा और उन्हें धमकाता रहा। 


बताया जा रहा है कि सुरेश बहराल पंचायत का पूर्व प्रधान रह चुका है और पहले भी कई बार हुड़दंग मचाता रहा है। हालांकि उसके परिजनों ने कई बार उसका बचाव भी किया लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आया। इस बार पुलिस आरोपी के साथ सख्ती से पेश आ सकती है।