तपती धूप में 5 जिंदगियां बचाने दौड़े अंतर्राष्ट्रीय धावक सुनील शर्मा

Friday, Jun 07, 2019 - 08:50 PM (IST)

सोलन (अमित डोभाल): अपने लिए तो सब जीते हैं लेकिन जीना उसी को कहते हैं जो दूसरे के लिए जीया जाए। कुछ ऐसा ही कार्य अंतर्राष्ट्रीय धावक सुनील शर्मा कर रहे हैं। वे लोगों की जिंदगी बचाने के लिए तपती धूप में करीब 500 किलोमीटर की दौड़ लगा रहे हैं और इस दौरान डोनेशन एकत्रित करके पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। 3 जून से उन्होंने यह दौड़ शुरू की है। शुक्रवार को वह दौड़ लगाते हुए सोलन पहुंचे। यहां पर विभिन्न स्थानों में उनका भव्य स्वागत किया गया।

5 लोगों की सहायता के लिए इकट्ठा कर रहे पैसा

बता दें कि सुनील शर्मा 5 लोगों की सहायता के लिए चैरिटी एकत्र कर रहे हैं। इन 5 लोगों में दो किडनी के मरीज हैं जबकि दो दिव्यांग भाई और एक असहाय बुजुर्ग है। किडनी के रोगियों में संगड़ाह के मंडोली की 14 वर्षीय उर्मिला, मंडी से 29 वर्षीय शशि कुमारी, दिव्यांगों में कोडगा सखौली के सुरेंद्र व संदीप और सतौन में रह रहे बुजुर्ग दूनीचंद की आर्थिक तौर पर मदद की जानी है। इन सभी की पारिवारिक हालत बिलकुल भी सही नहीं है। गरीबी के चलते अस्पताल में अपना इलाज करना तो दूर खाने व पीने को भी पैसा नहीं है। सभी के इलाज व मदद के लिए 20 से 25 लाख रुपये की आवश्यकता है।

350 किलोमीटर की दौड़ लगा चुके हैं सुनील

सोलन में पत्रकारों से बातचीत में अंतर्राष्ट्रीय धावक सुनील शर्मा ने कहा कि वे अभी तक 350 किलोमीटर की दौड़ लगा चुके हैं और इस चैरेटी रन में उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इससे पहले उन्होंने पहली दौड़ सेव वाटर सेव फोरैस्ट, दूसरी दौड़ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के लिए की थी। तीसरी दौड़ उन्होंने 2 किडनी मरीजों के लिए पैसा एकत्रित करने के लिए की थी। इसके बाद चौथी दौड़ उन्होंने 3 मरीजों के इलाज के लिए पैसा एकत्रित करने के लिए लगाई थी।

Vijay