अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा : छठे दिन शान से निकली नरसिंह भगवान की जलेब

Wednesday, Oct 20, 2021 - 11:09 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के छठे दिन भी भगवान नरसिंह की जलेब परंपरा अनुसार निकली। सैंज व महाराजा घाटी के देवी-देवताओं ने शरीक होकर राजा की पालकी के साथ परिक्रमा की। इस अवसर पर कुल्लू के राजा महेश्वर सिंह पालकी में सवार हुए। सबसे आगे घोड़ी और उसके पीछे अनेक देवी-देवताओं के साथ राजा की पालकी व दोनों ओर देवी-देवताओं ने भाग लिया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर देवता जम्दगनि ऋषि व लक्ष्मी नारायण के साथ आधा दर्जन देवी-देवताओं के हारियान कुल्लवी नृत्य करते हुए झूमे। सैंज घाटी के कोठी रैला से लक्ष्मी नारायण, बाराहार महाराजा से पांचवीर, महावीर बुआई बाराहार, लोट के वीर कैलावीर कमांद, हुंरगू नारायण जोंगा, पीज से जमदग्रि आदि 7 देवताओं ने भाग लिया।

सैँकड़ों देवी-देवताओं ने भगवान रघुनाथ के शिविर में लगाई हाजिरी

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के छठे दिन ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ के शिविर में सैँकड़ों देवी-देवताओं ने हाजिरी लगाई  और भगवान रघुनाथ के रथ के चारों तरफ देवी-देवताओं का भव्य मिलन हुआ। भगवान रघुनाथ की तरफ से लंका दहन के लिए सभी देवी-देवताओं को केसर की पुड़िया भेंट कर लंका दहन के लिए न्यौता दिया गया। इस दौरान देवी-देवता भगवान नरसिंह की गद्दी के पास नतमस्तक हुए और छड़ीबरदार महेश्वर सिंह को पुष्प भेंट किए। इस दौरान वाद्ययंत्रों की देवधुनों पर भव्य देवमिलन से माहौल देवमय हो गया।

रघुनाथ के अस्थायी शिविर में देवी दुर्गा का पूजन

छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने बताया कि दशहरा उत्सव के छठे दिन मोहल्ले का कार्यक्रम हुआ, जिसमें सभी देवी-देवताओं ने भगवान रघुनाथ के अस्थायी शिविर व रथ के पास हाजिरी लगाई और इस बार दशहरा उत्सव में सैंकड़ों देवी-देवताओं ने हाजिरी भरी है। उन्होंने कहा कि भगवान रघुनाथ की तरफ से देवी-देवताओं केसर की पुड़िया भेंट कर लंका दहन का न्यौता दिया गया और कल लंका दहन के लिए चढ़ाई होगी और लंका दहन कार्यक्रम के बाद भगवान रघुनाथ अपने मंदिर सुल्तानपुर दरबार में जाएगें। उन्होंने कहा कि आज रात को रघुनाथ के अस्थायी शिविर में देवी दुर्गा का पूजन होगा। उन्होंने कहा कि दशहरा उत्सव के छठे दिन भगवान नरसिंह की जलेब में काफी रौनक दिखी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay