दशहरा उत्सव: इस बार भीड़ में चोरी के मकसद से घुसने वाले शातिर बच नहीं पाएंगे

Thursday, Sep 26, 2019 - 10:42 AM (IST)

कुल्लू (शम्भू प्रकाश): अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में पूरा मेला क्षेत्र, एंट्री व एग्जिट प्वाइंट्स तीसरी आंख की नजर में रहेंगे। कंट्रोल रूम से पुलिस की टीम हर तरह की गतिविधियों पर नजर रखेगी। भीड़ और भीड़ में शामिल हर चेहरे पर पुलिस की निगाह रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र में 106 नाइट विजन सी.सी.टी.वी. कैमरे इंस्टाल होंगे। इसके अलावा पहले से ही 2 दर्जन से अधिक कैमरे कार्य कर रहे हैं। पुलिस के 1600 से अधिक जवानों के पहरे में अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव रहेगा। इनमें 500 के करीब होमगार्ड जवान शामिल रहेंगे। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स भी सील रहेंगे। जगह-जगह एंट्री व एग्जिट प्वाइंट्स पर चौकियां भी स्थापित होंगी।

रथ यात्रा से लेकर अन्य देव कार्रवाई, देवी-देवताओं के आवागमन की प्रक्रिया भी कैमरों में कैद होगी। जेबकतरों, शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर भी कैमरे की नजर रहेगी। रियल टाइम रिकॉॄडग के लिए ऐसे सन ग्लासिज दुकानदारों, कुछ चुनिंदा महिलाओं व अन्य लोगों को भी दिए जाएंगे। इससे हर गतिविधि व हर कोना-कोना तीसरी आंख के पहरे में रहेगा। इससे दुकानों में चोरी के मकसद से घुसने वाले शातिर भी बच नहीं पाएंगे। अस्थायी बस अड्डे सहित अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार का पहरा रहेगा। एस.पी. गौरव सिंह ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है।

सैक्टरों में बंटेगी ट्रैफिक व्यवस्था

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सैक्टरों में विभाजित किया जाएगा। इस दौरान कई सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से वन-वे रहेगी। पार्किंग के लिए विभिन्न स्थानों पर जगह व मैदान चिन्हित रहेंगे।
 


 

kirti