परिणय सूत्र में बंधे अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार पद्मश्री अजय ठाकुर (Video)

Thursday, Apr 11, 2019 - 11:30 AM (IST)

सोलन: अंतरराष्ट्रीय कबड्डी स्टार पद्मश्री अजय ठाकुर हिंदु रीति-रिवाज से संदीप राणा के साथ परिणय सूत्र में बंध गए हैं। उन्होंने बुधवार को नालागढ़ की ही पंचायत जोघों के गांव जगतपुर निवासी संदीप राणा के साथ शादी की है।


अजय ठाकुर अपने पैतृक गांव दभोटा से बारात लेकर नालागढ़ उपमंडल के जगतपुर गए। यहां संदीप राणा के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंधे। बारात में अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा भी शामिल हुए। शादी में अजय ठाकुर ने शेरवानी पहनी थी, जबकि संदीप राणा ने खास लहंगा पहना था।


शादी समारोह में स्थानीय विधायक लखविंदर राणा सहित पुलिस विभाग से बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन शादी समारोह में शामिल नहीं हो पाए।


उल्लेखनीय है कि अजय को प्रदेश सरकार ने परशुराम अवॉर्ड, जबकि भारत सरकार ने पद्मश्री सम्मान से नवाजा है। वह हिमाचल पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात है।

Ekta