Pro Kabaddi में दबंग दिल्ली के सहायक कोच की भूमिका में नजर आएंगे अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी स्टार अजय ठाकुर

Wednesday, May 24, 2023 - 05:28 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): नालागढ़ के दभोटा गांव के अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी स्टार एवं ऊना के डीएसपी अजय ठाकुर अब प्रो कबड्डी में दबंग दिल्ली के सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। अजय ठाकुर स्पाइन के सर्जरी से अभी उभरे नहीं हैं। इस सीजन में वह स्वयं तो नहीं खेलेंगे पर दिल्ली की टीम को मजबूत बनाएंगे। नवम्बर में होने वाली प्रो कबड्डी लीग में अजय ठाकुर दिल्ली दबंग को कोचिंग देंगे। अजय ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को 10 गोल्ड मैडल दिलाए हैं। हिमाचल सरकार की ओर से अभी तक अच्छे खिलाड़ी को हिमाचल गौरव, परशुराम और कोहिनूर अवार्ड दिया जाता है। अजय ठाकुर ने ये तीनों अवार्ड जीते हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से पद्मश्री और अर्जुन अवार्ड भी जीत चुके हैं।

सोलन जिले की नालागढ़ तहसील के एक छोटे से गांव दभोटा के रहने वाले अजय ठाकुर ने हिमाचल और देश का नाम पूरे विश्व में चमकाया है। हिमाचल सरकार ने अजय ठाकुर को डीएसपी पद से नवाजा है और वर्तमान में वह ऊना में तैनात हैं। अजय ठाकुर ने बताया कि उन्होंने अभी कबड्डी से संन्यास नहीं लिया है। प्रो-कबड्डी के आठवें सीजन में उनकी स्पाइन में चोट आ गई थी, जिसकी उन्होंने सर्जरी करवाई है। अब वह इस चोट से नहीं उभरे हैं। इसलिए उन्होंने कोच के पद को स्वीकार किया है। चोट से उभरने के बाद वह दोबारा मैदान में उतरेंगे। वह दिल्ली टीम को इतना मजबूत बनाएंगे कि वह आने वाले सीजन के विजेता की दौड़ में रहेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay