अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जौहर दिखाएंगे हिमाचल के दो खिलाड़ी, जीत चुके हैं गोल्ड

Thursday, May 10, 2018 - 10:31 AM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के दो युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने जा रहे हैं। कुश्ती में सौरभ तो एथेलेटिक्स में राम किशन श्रीलंका में जाकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन दोनों ने हाल ही में संपन्न हुई नैशनल ओपन में गोल्ड जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का करवाया है। सौरभ गोपालपुर गांव का रहने वाला है और राम किशन अप्पर बरोट का। दोनों के सिर से पिता का साया उठ चुका है।


दोनों ने अपने रिश्तेदारों और संस्थाओं के सहयोग से कड़ी मेहनत करके आज इस मुकाम को हासिल किया है। 15 मई से इन दोनों खिलाड़ियों को ट्रेनिंग कैंप नेपाल में शुरू होगा और उसके बाद यह सीधे श्रीलंका जाकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता जुलाई महीने में प्रस्तावित है। दोनों में इस प्रतियोगिता को लेकर भारी उत्साह है। दोनों युवाओं को इस कामयाबी पर सोच संस्था ने इन्हें सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।


यह सम्मान इन्हें डीएसपी हैडक्वार्टर हितेश लखनपाल के हाथों दिया गया। डीएसपी ने कहा कि मंडी जिला में कुश्ती और अन्य खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत है और इसके लिए संस्थाओं को मिलकर आगे आकर काम करना होगा। वहीं सोच संस्था के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने कहा कि जल्द ही उनकी संस्था कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर काम करेगी ताकि उभरते खिलाड़ियों को मंच मुहैया करवाया जा सके।

Ekta