ITI में बच्चों की फीस से ग्रुप इंस्ट्रक्टरों को नहीं बंटेगी ‘खैरात’

Saturday, Jan 05, 2019 - 11:43 AM (IST)

शिमला : हिमाचल की आई.टी.आई. में बच्चों की फीस में से ग्रुप इंस्ट्रक्टरों को बंटने वाली खैरात पर रोक लगा दी गई है। तकनीकी शिक्षा विभाग ने सरकार की मंजूरी के बगैर लगाए गए ग्रुप इंस्ट्रक्टरों को दिए जाने वाले ऑनरेरियम पर शुक्रवार को रोक लगाने तथा इनसे रिकवरी के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों से ग्रुप इंस्ट्रक्टरों में हड़कंप मच गया है। अपग्रेडिड आई.टी.आई. में छात्रों से सरेआम की जा रही लूट का खुलासा ‘पंजाब केसरी’ ने बीते 29 जुलाई को ‘बच्चों की फीस से गर्म हो रही आई.टी.आई. स्टाफ की जेबें’ शीर्षक से खबर प्रकाशित करके किया था। इसके बाद सूबे के तकनीकी शिक्षा मंत्री विक्रम सिंह ने जांच के आदेश दिए थे।

विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ प्रिंसिपल व डी.डी.ओ. पावर वाले अधिकारियों ने सरकार व विभाग की अनुमति के बगैर कुछ अनुदेशकों को ग्रुप इंस्ट्रक्टर बनाया और इन्हें मासिक तनख्वाह के अलावा ऑनरेरियम के तौर पर मोटी राशि का भुगतान करना शुरू किया। ग्रुप इंस्ट्रक्टरों को यह भुगतान सालों से किया जा रहा है। इससे आई.टी.आई. के प्रशिक्षणार्थी अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं क्योंकि आई.एम.सी. (इंस्टीच्यूट मैनेजमैंट कमेटी) के नाम पर बच्चों से वसूली जाने वाली फीस में से ही ग्रुप इंस्ट्रक्टरों को ऑनरेरियम बांटा जा रहा है।

kirti