फौजियों पर विवादित टिप्पणी कर घिरी हिमाचल की इन्फ्लुएंसर, सोशल मीडिया पर जमकर हो रही ट्रोल

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 06:11 PM (IST)

नाहन (आशु): इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर इन दिनों विवादित बयान को लेकर विवादों में घिर गई है। सिरमौर जिला से ताल्लुक रखने वाली इशिता सेना को लेकर की गई टिप्पणी के चलते आलोचना से घिर गई है। सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को लेकर फौजियों, उनके परिवारों और आम जनता में नाराजगी देखने को मिल रही है।

इशिता पुंडीर ने दिया था ये बयान
जानकारी के अनुसार इशिता पुंडीर ने हाल ही में अपने वीडियो में कहा था कि फौजी अपने देश और मिट्टी के लिए तो वफादार होते हैं, लेकिन अपनी पत्नियों और गर्लफ्रैंड्स के लिए नहीं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि करीब 90 प्रतिशत फौजी अपनी पत्नी और गर्लफ्रैंड्स के प्रति लॉयल नहीं होते और उनके कई अफेयर्स होते हैं। यह वीडियो सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने इसे सेना की छवि को ठेस पहुंचाने वाला बयान करार दिया।

वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में यूजर्स ने इस बयान की निंदा करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया। कई लोगों ने कहा कि इस तरह के बयान न केवल फौजियों बल्कि उनके परिवारों की भावनाओं को भी आहत करते हैं और समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। वहीं फौजियों और उनके परिवारों ने भी इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे आपत्तिजनक और आहत करने वाला बताया।

वीडियो डिलीट कर मांगी माफी, फिर भी जारी विरोध
विवाद बढ़ने पर इशिता पुंडीर ने अपना यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया और एक नया वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहती हैं। हालांकि, माफी के बावजूद लोगों का गुस्सा थमता नजर नहीं आ रहा है और बड़ी संख्या में यूजर्स लगातार उनकी आलोचना कर रहे हैं। इस पूरे मामले में कई लोगों ने संतुलित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर पेशे में कुछ अपवाद हो सकते हैं, लेकिन किसी एक या कुछ घटनाओं के आधार पर पूरे प्रोफैशन को गलत ठहराना उचित नहीं है। खासतौर पर भारतीय सेना जैसे सम्मानित और संवेदनशील क्षेत्र के बारे में बोलते समय अधिक जिम्मेदारी और संयम की आवश्यकता होती है।

पूर्व सैनिक संगठन ने राजगढ़ थाना में सौंपी शिकायत
उधर, पूर्व सैनिक संगठन ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए राजगढ़ थाना में इशिता पुंडीर के खिलाफ शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। उधर, इस संबंध में राजगढ़ के डीएसपी विद्या चंद नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ की ओर से इशिता पुंडीर के खिलाफ सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के जवानों को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

कांग्रेस राज्य महासचिव ने भी दी शिकायत
उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य महासचिव यदोपति ठाकुर ने भी इशिता पुंडीर के खिलाफ एसपी सिरमौर को शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर सांझा किए गए वीडियो में भारतीय सेना और उनके परिवारों के खिलाफ आपत्तिजनक व मानहानिकारक टिप्पणियां की गई हैं। इस तरह के बयान से सैनिकों का मनोबल प्रभावित होता है और उनके परिवारों को मानसिक आघात पहुंचता है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता व आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने मांग की है कि इशिता पुंडीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया से ऐसे कंटैंट को हटाया जाए, ताकि गलत जानकारी का प्रसार रोका जा सके।

मामले को लेकर क्या कहते हैं एसपी सिरमौर
इशिता पुंडीर के मामले को लेकर एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर कलंदरा तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News