गृहिणियों पर महंगाई की चोट, किस मुंह से भाजपा प्रत्याशी मांग रहीं वोट

Sunday, Nov 05, 2017 - 04:54 PM (IST)

पालमपुर : गृहिणियों की रसोई पर महंगाई की चोट कर किस मुंह से भाजपा की प्रत्याशी मांग रही हैं वोट। पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के युवा प्रत्याशी आशीष बुटेल ने कहा कि 3 वर्ष पूर्व महंगाई कम करने का वायदा कर केंद्र में सत्तारूढ़ हुई भाजपा के शासन में महंगाई ने आम आदमी पर चोट की है। स्थिति यह बन गई है कि कांग्रेस शासन में 60 रुपए प्रति किलो की दर से बिकने वाली दाल अब 140 रुपए प्रति किलो को छू रही है तो प्याज तथा टमाटर के दाम आसमान छू रहे हैं। यह उस भाजपा सरकार के शासन में हो रहा है, जिसके नेता कभी गले में टमाटर तथा प्याज की मालाएं डालकर महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया करते थे

खेतीबाड़ी से जुड़े लोगों की हालत खस्ता 
यही नहीं, गैस सिलैंडर के दाम में भी भाजपा के 3 वर्ष के शासन में दोगुनी वृद्धि हुई है। 2 दिन पहले ही भाजपा की केंद्र सरकार ने एकदम सिलैंडर के दाम में 94 रुपए की वृद्धि कर महंगाई कम करने के वायदे से वायदाखिलाफी की है। ऐसे में अब भाजपा की महिला प्रत्याशी यह बताएं कि यह है आम आदमी व गृहिणियों की रसोई में सीधे-सीधे भाजपा का डाका नहीं है तो क्या है। 3 वर्षों में भले ही विश्व भर में पैट्रोल के मूल्य में निरंतर गिरावट हुई, परंतु केंद्र सरकार की बड़ी-बड़ी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की मंशा ने देश में पैट्रोल तथा डीजल के मूल्य में आग लगा दी है। पैट्रोल तथा डीजल के दाम बढऩे से सफर करने वाले आम आदमी की जेब पर मार पड़ रही है तो खेतीबाड़ी से जुड़े लोगों की हालत खस्ता हो रही है।

भाजपा के कुछ नेता नहीं छोड़ पा रहे मुख्यमंत्री बनने की चाह : मदन 
भले ही भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश में प्रेम कुमार धूमल को भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर दिया है, फिर भी कुछ नेता अभी भी अंदरखाते मुख्यमंत्री बनने की चाह नहीं छोड़ पा रहे हैं। पालमपुर से भाजपा प्रत्याशी का यह बयान कि दिल्ली में बैठे आनंद शर्मा को मेरे मुख्यमंत्री बनने का खौफ, अंदरखाते इस चाहत को ही बयां कर रहा है। ब्लाक कांग्रेस पालमपुर के अध्यक्ष मदन दीक्षित ने कहा कि पहले पालमपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को मुख्यमंत्री पद का लालच देकर गुमराह करने का प्रयास किया गया और अब जब भाजपा ने प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया है तो पालमपुर भाजपा का असली चेहरा सामने आ चुका है।

मोदी का यह इशारा केवल जुमला ही बन कर रह गया
3 वर्ष पहले जब लोकसभा चुनाव के समय कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को जिताने के आग्रह में नरेंद्र मोदी ने पालमपुर में किया था तथा बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने का इशारा किया था, परंतु चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी का यह इशारा केवल जुमला ही बन कर रह गया। उसी प्रकार अब पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए कई तरह के भ्रामक पद अभी से दिए जाने की बात कर एक बार फिर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी का बयान भी इस ओर इशारा कर रहा है कि पालमपुर भाजपा को प्रेम कुमार धूमल का नेतृत्व रास नहीं आ रहा है।