महंगाई से हिमाचल के 18 लाख उपभोक्ताओं को जल्द मिलेगी बड़ी राहत

Monday, Dec 04, 2017 - 11:15 AM (IST)

शिमला: लगातार बढ़ रही महंगाई से प्रदेश के 18 लाख से अधिक परिवारों को जल्द बड़ी राहत मिलेगी। अगले सप्ताह से डिपुओं में उपभोक्ताओं को 5 से 10 रुपए प्रति किलो सस्ते दाम पर दालें मिलेंगी। हिमाचल प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन के गोदामों में दालों सहित सरसों तेल और रिफाइंड का कोटा पहुंचना शुरू हो गया है। 23 नवंबर को दालों सहित खाद्य तेल की खरीद के लिए चुनाव आयोग की मंजूरी के बाद निगम ने सप्लाई आर्डर जारी किया था। हालांकि ये सस्ती दालें केवल ऐसे उपभोक्ताओं को ही मिलेंगी, जिन्हें सितंबर माह का बैकलॉग कोटा दिया जाना है।  


सितम्बर माह के कोटे की दालें डिपुओं में अब मिलेंगी सस्ती
डिपुओं में सबसे अधिक बिकने वाली दाल चना, उड़द व दाल मसर 5 रुपए और चित्रा राजमाह के रेट 10 रुपए प्रति किलो घटे हैं। सितम्बर माह के कोटे की दालें डिपुओं में अब 5 से 10 रुपए प्रति किलो सस्ती मिलेंगी। चीनी के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ए.पी.एल. उपभोक्ताओं को पहले ही तरह 29 रुपए प्रति किलो और बी.पी.एल. उपभोक्ताओं को 18 रुपए प्रति किलो चीनी दी जाएगी। इसके साथ ही सरसों तेल 72 रुपए प्रति लीटर व रिफाइंड की कीमत 62 रुपए प्रति लीटर तय की गई है।