BBNDA के नोटिस बेअसर, 860 उद्योगों ने जमा नहीं करवाया ADC

Thursday, Jan 11, 2018 - 12:59 AM (IST)

मानपुरा: बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण (बी.बी.एन.डी.ए.) द्वारा बी.बी.एन. के उद्योगों को जारी किए जा रहे नोटिस बेअसर साबित हो रहे हैं। हैरानी की बात है कि बी.बी.एन.डी.ए. द्वारा बी.बी.एन. के 900 से ज्यादा उद्योगों को एक्सटर्नल डिवैल्पमैंट चार्ज वसूलने को लेकर नोटिस जारी किए थे लेकिन अभी तक मात्र 40 के करीब उद्योगों ने ही यह चार्ज जमा करवाए हैं। उद्योग अगर समय पर यह शुल्क जमा करवाते हैं तो विभाग को करोड़ों रुपए का राजस्व मिल सकता है। 

इन्हें जारी किए गए हैं नोटिस 
बी.बी.एन.डी.ए. द्वारा यह नोटिस क्षेत्र में स्थापित उद्योगों, क्रशरों, इंट भट्ठों व अन्य व्यावसायिक संगठनों को भेजे थे। साथ ही यह चार्ज जमा न करवाने पर बिजली पानी काटने के आदेश भी दिए थे। इसके बाद कुछ उद्योगों ने यह शुल्क जमा करवा दिया है परन्तु इंट भट्ठों व क्रशरों पर इसका कोई असर नहीं है।

क्या है एक्सटर्नल चार्जिज 
बी.बी.एन.डी.ए. एक्सटर्नल डिवैल्पमैंट चार्ज चिन्हित संस्थानों से 2 रुपए प्रति स्क्वेयर मीटर के हिसाब से लेता है। जिस संस्थान के पास जितनी अधिक भूमि होती है उसी हिसाब से एक्सटर्नल चार्जिज बनते हैं। विभाग द्वारा बड़े संस्थानों के लिए फिक्स 2 लाख रुपए की दर निर्धारित की है। बेशक बी.बी.एन.डी.ए. ने यह चार्ज न जमा करवाने पर बिजली-पानी के कनैक्शन काटने की बात कही है परन्तु उद्योगों व अन्य व्यावसायिक संस्थानों पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है।

कट सकते हैं बिजली व पानी के  कनैक्शन 
बी.बी.एन.डी.ए. के ए.टी.पी. गणेश लाल ने बताया कि एक्सटर्नल डिवैल्पमैंट चार्ज जमा करवाने के लिए उद्योगों को नोटिस भेजे गए हैं। कुछ उद्योगों ने यह शुल्क जमा भी करवाए हैं। ऐसे उद्योगों को एक रिमाइंडर नोटिस भेजा जाएगा। बावजूद इसके चार्ज न जमा करवाने वाले उद्योगों के बिजली व पानी के  कनैक्शन भी काटे जा सकते हैं।