उद्योग मंत्री बोले- सुर्खियों में आने के लिए ओछे हथकंडे अपना रही कई खेमों में बंटी कांग्रेस

Tuesday, Jul 24, 2018 - 11:57 AM (IST)

दौलतपुर चौक (परमार): उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस अपने वर्चस्व की लड़ाई लड़ रही है। कई खेमों में बंटी कांग्रेस सुर्खियों में आने के लिए कई ओछे हथकंडे अपना कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने की नाकाम कोशिश कर रही है। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस की नौटंकी को दुनिया ने देखा और प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष की जंग जगजाहिर है। उद्योग, श्रम एवं रोजगार, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री विक्रम ठाकुर ने विशेष भेंट में दावा किया कि अब देश व प्रदेश का भविष्य भाजपा के हाथों में ही सुरक्षित है। 


उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है जिसके चलते प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए कई बड़े औद्योगिक घरानों से बातचीत चल रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सत्तासीन सरकार जनता को घरद्वार पर सुविधाएं प्रदान करने के लिए दिन-रात काम कर रही है। विक्रम ठाकुर ने कहा की जिला कांगड़ा के रक्कड़ में एक करोड़ की लागत से मिनी सचिवालय के साथ-साथ कुहना में भी एक करोड़ की लागत से फार्मेसी कालेज भवन का निर्माण किया जाएगा जिसकी नोटिफिकेशन जारी हो चुकी है, वही संसारपुर टैरेस में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भी शुरू किया गया है जबकि इसी कड़ी में डाडासीबा में भी मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा। 

Ekta