कांग्रेस के घोषणा पत्र पर उद्योग मंत्री का हमला, जानिए क्या कहा

Wednesday, Apr 03, 2019 - 09:43 AM (IST)

डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कांग्रेस को चुनावी घोषणा पत्र पर घेरते हुए कहा है कि गरीब परिवारों को वही लोग गुमराह कर रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लागू नहीं किया है। पत्रकारों से बातचीत में विक्रम ठाकुर ने कांग्रेस पर देश की रक्षा-सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में सेना को बुलेट प्रूफ जैकटें उपलब्ध करवाने में नाकाम रही, जबकि सत्ता में आने के लिए छटपटा रही कांग्रेस देश की जनता को झूठे सब्जबाग दिखा रही है। 

वन रैंक-वन पैंशन के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि इस मामले का समाधान कांग्रेस के पास नहीं था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस द्वारा लटकाए गए वन रैंक-वन पैंशन मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर कटाक्ष करते हुए विक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस खुलेआम देशद्रोहियों के साथ खड़ी हो गई है और अपने घोषणा पत्र में कांग्रेस ने देशद्रोह कानून को खत्म करने की बात कही है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही देशद्रोह का समर्थन करती आई है, लेकिन घोषणा पत्र में यह पार्टी एक कदम और आगे निकल गई है। विक्रम ठाकुर ने कहा कि देशद्रोहियों की जरूरत कांग्रेस को हो सकती है, लेकिन देश का मत इस मामले पर कांग्रेस के साथ नहीं है।


 

Ekta