उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ब्लक ड्रग पार्क परियोजना का किया निरीक्षण, समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 05:54 PM (IST)

Una News : उद्योग, संसदीय कार्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज (मंगलवार) को हरोली विधानसभा के पोलियां में निर्माणाधीन ब्लक ड्रग पार्क परियोजना स्थल का दौरा कर परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जल शक्ति विभाग, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग तथा हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि ब्लक ड्रग पार्क प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन से हिमाचल प्रदेश देश के ब्लक ड्रग निर्माण क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा तथा औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

चौहान ने कहा  कि परियोजना के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा वित्तीय बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए हर स्तर पर आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए नियमित समीक्षा, प्रभावी निगरानी तथा त्वरित निर्णय प्रक्रिया के माध्यम से कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हो सके।इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।      

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News