भाजपा ने देश को जाति-धर्मों में बांटा : कटोच

Thursday, Feb 07, 2019 - 07:48 PM (IST)

इंदौरा (अजीज/आशीष ): देश का समाज कहीं न कहीं जाति-धर्म के नाम पर बंटा हुआ है और भाजपा ने देश को जाति-धर्म पर बांटने का काम किया है। जबकि कांग्रेस की नीति सर्वधर्म समभाव की रही है। जिस पर बड़ा बट्टा लगा है। यह बयान कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव मनमोहन कटोच ने नियुक्ति के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव इंदौरा में आने पर पत्रकार वार्ता में दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता में आने से पहले कांग्रेस द्वारा लाई जा रही 14 प्रतिशत जी.एस.टी. का विरोध करते थे, लेकिन सत्ता में आते ही 28 प्रतिशत जी.एस.टी. लागू कर दिया, आधार कार्ड का विरोध करते थे और सत्ता में आते ही आधार को अनिवार्य कर दिया, एफ.डी.आई. का विरोध करते थे और अब पूर्णतया विदेशी निवेश के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं बनाकर जनता को मूर्ख बनाने का काम मोदी सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में जनता इस जुमलेबाजी का जवाब देगी और जो कथित अराजकता भाजपा ने प्रदेश में फैला रखी है इसका खमियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की चारों सीट्स जीतकर इसका जवाब देगी।

सांसद पर साधा निशाना

मनमोहन कटोच इस अवसर पर सांसद शांता कुमार व स्थानीय विधायक पर भी निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि माननीय सांसद पिछले 20 सालों से पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग को ब्रॉडगेज करने की बात करते रहे हैं, चम्बा में सीमैंट प्लांट लगाने की बात करते रहे हैं। उसमें तो विफल रहे ही हैं उल्टा पुरानी रेल को रंग-रोगन कर बड़ी-बड़ी बातें कर जनता को छलने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक को कहा निकम्मी

वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्थानीय विधायक को एक साल काम करने का मौका देना चाहती थी और सोचती थी कि विधायक कुछ करेंगी। लेकिन एक साल में स्थानीय विधायक अपने और अपने परिवार का भला करने तक ही सीमित रही हैं। उन्होंने कहा इंदौरा में जो भी विकास कार्य हुए हैं कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने विधायक को निकम्मी कहने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने कहा कि विधायक के परिजनों ने वक्फ बोर्ड पर कब्जा करने का प्रयास किया जो अति निंदनीय है। उन्होंने पूर्व विधायक व वर्तमान विधायक दोनों को आर.एस.एस. की सोच का विधायक करार दिया और कहा कि इंदौरा क्षेत्र के लिए कुछ भी करने का प्रयास नहीं किया।

2 सालों से कंदरोड़ी का पुल बनाने में विधायक विफल रहे

जहां तक कि 2 सालों से कंदरोड़ी का पुल तक बनाने में विधायक विफल रहे हैं, वहीं उन्होंने अपनी नियुक्ति पर प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर व राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कांग्रेस एस.सी. सैल के जिला अध्यक्ष कमल किशोर, बी.डी.सी. वाइस चेयरमैन दर्शन सिंह, संदन शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज शर्मा, लाला गुलशन लाल, उपप्रधान विजय शर्मा, सुनीत कटोच, जसबीर कटोच, रणजीत जीता व ध्रुव कटोच सहित अन्य गण्यमान्य उपस्थित रहे।

Kuldeep