भारतीय पहलवान सीमा बिस्ला सोलन में कर रहीं टोक्यो ओलिम्पिक की तैयारी

Saturday, Jul 10, 2021 - 09:48 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): जापान की राजधानी टोक्यो में 23 जुलाई से शुरू हो रहे ओलिम्पिक में भारत को इस बार कुश्ती में सबसे अधिक पदक जीतने की उम्मीद है। 50 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही महिला पहलवान सीमा बिस्ला की नजर गोल्ड पर है। आजकल सीमा अपने कोच परमजीत सिंह की निगरानी में ऐतिहासिक ठोडो मैदान के इंडोर कुश्ती कोर्ट में ओलिम्पिक की तैयारी कर रही हैं। हरियाणा में भीषण गर्मी के कारण प्रैक्टिस प्रभावित होने के कारण सीमा बिस्ला अपने कोच व अन्य स्टाफ के साथ सोलन आ गई हैं। वह पिछले एक सप्ताह से यहां पर प्रैक्टिस कर रही हैं। यहां की आबोहवा का लाभ उन्हें टोक्यो ओलिम्पिक में भी मिलेगा। हरियाणा के रोहतक जिला की रहने वाली सीमा बिस्ला को विश्वास है कि इस बार भारत ओलिम्पिक में सबसे अधिक पदक कुश्ती में जीतेगा। वर्तमान में वह हरियाणा के खेल विभाग में सीनियर कोच के पद पर हैं।

इस बार ओलिम्पिक को लेकर अच्छी है तैयारी

सीमा बिस्ला ने विशेष बातचीत में बताया कि यहां की जा रही प्रैक्टिस का लाभ टोक्यो ओलिम्पिक में मिलेगा। उनका कहना है कि वर्ष 2008 से भारतीय पहलवान कुश्ती में पदक जीत रहे हैं। इस बार टोक्यो ओलिम्पिक में भारतीय पहलवानों का प्रदर्शन शानदार रहेगा। इस बार ओलिम्पिक को लेकर उनकी तैयारी अच्छी है हालांकि अपने 50 किलोग्राम भार वर्ग में उन्हें मैच खेलने को कम मिले हैं लेकिन इसका असर उनके ओलिम्पिक में पदक जीतने के अभियान पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने यहां पर प्रैक्टिस के लिए मिली सुविधाओं को बेहतर बताया है। इसके लिए उन्होंने खेल विभाग का विशेष रूप से धन्यवाद भी किया है।

विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं सीमा बिस्ला

उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से विश्व रैंकिंग में वह दूसरे स्थान पर हैं। सीमा ने बताया कि 23 जुलाई से ओलिम्पिक शुरू हो रही है लेकिन उनके कुश्ती के मुकाबले 7 अगस्त को होंगे। इसलिए वह 30 अप्रैल के आसपास ही टोक्यो के लिए रवाना होंगी। ओलिम्पिक में उन्हें जापान व अजरबेजान के पहलवानों से चुनौती मिल सकती है। लेकिन वह चुनौती को पार कर मैडल जीतकर वापस आएगी, ऐसा उन्हें विश्वास है। उन्होंने 2007 में कुश्ती करना शुरू किया था। पिता आजाद सिंह व चाचा रामचंद्र सिंह उनके आदर्श हैं।

क्या बोले सीमा बिस्ला के कोच परमजीत सिंह

कोच परमजीत सिंह ने बताया कि सीमा बिस्ला बेहद मेहनती खिलाड़ी है। वह टोक्यो ओलिम्पिक में पदक जीतेगी। यहां पर अभी कुछ दिन और प्रैक्टिस करेंगे। इसके बाद भारतीय महिला पहलवानों की टीम पॉलैंड से वापस जाएगी। इसके बाद सभी पहलवानों का सोनीपत में कैंप लगेगा। जहां से सभी पहलवान कुछ दिनों की प्रैक्टिस के बाद टोक्यो के लिए रवाना हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि सोलन में उन्हें प्रैक्टिस करने का बहुत लाभ मिला है। यहां पर ऑक्सीजन लेवल बढ़ा है। पहले 6 मिनट तक की कुश्ती में थकान हो जाती थी लेकिन अब सीमा 6-6 मिनट की 3 कुश्तियां एक साथ कर रही है। स्टैमना बढ़ गया है जिसका लाभ ओलिम्पिक में मिलेगा।

Content Writer

Vijay