इंडियन टेक्नोमैक महाघोटाला: कई देशों में प्रबंधकों ने खोली थीं कंपनियां

Tuesday, Sep 18, 2018 - 02:03 PM (IST)

नाहन (साथी): राज्य सरकार ने हाल ही में करीब 6 हजार करोड़ रुपए के इंडियन टैक्नोमेक महा घोटाले की जांच का कुछ हिस्सा ई.डी. के हवाले किया है। उधर, स्टेट सी.आई.डी. अपने स्तर पर महा घोटाले की जांच कर रही है। जैसे-जैसे महा घोटाले में फंसे कंपनी प्रबंधकों, आबकारी एवं कराधान विभाग के घोटाले में शामिल रहे अधिकारियों पर शिकंजा कसता जा रहा है वैसे-वैसे रिकार्ड खंगालने के बाद नए-नए खुलासे भी हो रहे हैं। 

विभाग के सूत्रों ने बताया कि जांच एजैंसियों को सौंपे गए दस्तावेजों से पता चला है कि इंडियन टैक्नोमेक कंपनी के शातिर प्रबंधकों ने करोड़ों रुपए का कारोबार करने के लिए हजारों रुपए का टैक्स हड़पने के लिए करीब 40 फर्जी कंपनियां तो खड़ी की ही थीं लेकिन साथ-साथ देश के कई हिस्सों में करोड़ों रुपए की लागत से बड़ी-बड़ी नामी कंपनियां भी खोली थीं। नए खुलासे के अनुसार टैक्नोमेक कंपनी के प्रबंधकों ने कई देशों में अलग से करोड़ों रुपए की संपत्ति वाली कई कंपनियां खड़ी की थीं। जानकारी अनुसार ये कंपनियां होंगकांग, सिंगापुर व साऊथ अफ्रीका के साथ-साथ दुबई में भी शामिल हैंं। 

दुबई में तो कंपनी का शिपयार्ड भी बताया जाता है। विभाग के अनुसार विदेशों में स्थापित संपत्ति का क्या बना यह जांच का विषय है। ई.डी. को कंपनी द्वारा विदेशों में बनाई गई संपत्ति की जांच करनी चाहिए। इंडियन टैक्नोमेक प्रबंधकों से संबंधित उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में स्थित एक कंपनी को नाहन के एक बैंक ने नीलाम किया है। जानकारी अनुसार देश के इस नामी बैंक से सहारनपुर में कंपनी प्रबंधकों ने लाखों रुपए का कर्जा ले रखा था, जिसकी भरपाई के लिए कंपनी को बैंक ने नीलाम किया है। उधर, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है कंपनी की अन्य संपत्तियां भी नीलाम होंगी। देश के कई बड़े शहरों में करोड़ों रुपए की संपत्तियां बताई जाती हैं। 
 

Ekta