इंडियन आइडल के मंच पर हिमाचल के बेटों ने अपनी सुरीली आवाज से मचाया तहलका

Tuesday, Sep 04, 2018 - 03:32 PM (IST)

ऊना/शिमला (अभिषेक): इंडियन आइडल के मंच पर हिमाचल प्रदेश के अंकुश भारद्वाज और ऊना जिला के मुबारिकपुर निवासी नितिन ने अपनी सुरीली गायकी से सभी को प्रभावित किया। नितिन ने शानदार गायकी का प्रदर्शन करते हुए 'वीरजारा' फिल्म का गाना 'आया तेरे दर पर दीवाना' गाकर शो के तीनों जजों का स्टैंडिंग ओवेशन हासिल किया। गीतकार जावेद ने नितिन की आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह नितिन ने इस मुश्किल गाने को सकून से गाया उससे लगता है कि यह बच्चा बहुत आगे तक जाएगा। इसके अवाला शो के तीनों जज नितिन की खूबसूरत आवाज सुन बिना कुछ कमैंट किए खड़े हो गए। वहीं शो में शिमला के अंकुश भारद्वाज ने 'संदेशे आते हैं' गीत पेश किया। 

इस दौरान अंकुश यह गाना प्रस्तुत करने के बाद भावुक भी हो गए। अंकुश भारद्वाज की बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर सोनू निगम से मिलने की तमन्ना भी पूरी हुई। इस दौरान अंकुश ने सोनू निगम से अपनी दिल की बात कही और कहा कि वह उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने सोनू निगम से कहा कि वह उनके सबसे बड़े फैन हैं और उन्हें वह अपना संगीत का भगवान मानते हैं। सोनू निगम ने भी अंकुश की गायिकी की प्रशंसा की। इंडियन आइडल के मंच पर अंकुश को सोनू निगम के साथ गाने का भी मौका मिला और दोनों ने साथ में फिल्म बॉर्डर का संदेशे आते हैं... गीत गाया। 

इसके बाद शो में आए गैस्ट व जजों ने अंकुश की गायिकी भी खूब प्रशंसा की। जावेद अख्तर ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि अंकुश की कुछ आंखों की प्रॉब्लम है, इस पर अंकुश का मनोबल बढ़ाते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि लोग दुनिया आंखों से नहीं, दिल व दिमाग से देखते हैं। इसके बाद जे.पी. दत्ता ने कहा कि अंकुश ने दिल से गाया और वह चीज हमेशा कामयाब होती है जो दिल से की जाती है। इस प्रस्तुति के साथ अंकुश अगले राऊंड में पहुंच गए हैं।
 

Ekta