कृषि विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने दिया A Grade

Saturday, Feb 24, 2024 - 04:50 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने ए ग्रेड आंका है जबकि 5 वर्ष के लिए मान्यता प्रदान की है। अनेक चुनौतियों के बावजूद कृषि विश्वविद्यालय ए ग्रेड प्राप्त करने में सफल रहा है। विश्वविद्यालय को मार्च, 2028 तक मान्यता दी गई है और ए ग्रेड प्रदान है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की उच्च स्तरीय पीयर रिव्यू टीम ने लगभग 6 महीने पहले विश्वविद्यालय का दौरा किया था। टीम ने इस दौरान शैक्षणिक, अनुसंधान और विस्तार शिक्षा के लिए सभी सुविधाओं का गहन निरीक्षण और अध्ययन किया था। इतना ही नहीं, टीम ने स्वतंत्र रूप से सभी हितधारकों से प्रतिक्रिया प्राप्त करते हुए किसानों, छात्रों और कर्मचारियों से बातचीत की थी। वर्तमान में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के नैशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क ने विश्वविद्यालय को सभी कृषि और संबद्ध विज्ञान संस्थानों में 12वां स्थान दिया है और देश के सभी राज्य कृषि विश्वविद्यालयों में इसे 8वां स्थान दिया है।

विश्वविद्यालय में न बढ़ाई जाए छात्रों की प्रवेश संख्या 
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की उच्च स्तरीय पीयर रिव्यू टीम ने लगभग सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों को भी मान्यता दी है और विश्वविद्यालय को विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर घटक कॉलेजों की स्वअध्ययन रिपोर्ट अपलोड करने के लिए कहा है। वहीं विश्वविद्यालय की एक मध्यावधि समीक्षा की जाएगी जबकि राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड की अनुमति के बिना विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रवेश की संख्या को न बढ़ाने काे भी कहा है। विदित रहे कि गत लगभग 4 वर्ष की अवधि में कृषि विश्वविद्यालय में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठयक्रमों में 173 सीटों को बढ़ाया गया था।

क्या कहते हैं विश्वविद्यालय के कुलपति
कृषि विश्वविद्यालय  के कुलपति डाॅ. डीके वत्स ने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने ए ग्रेड के साथ 5 वर्ष के लिए मान्यता दी है। ए ग्रेड के साथ मान्यता प्रदान करने के लिए आईसीएआर के राष्ट्रीय कृषि शिक्षा प्रत्यायन बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डाॅ. वत्स ने इस प्रतिष्ठित उपलब्धि के लिए निकट सामंजस्य और समर्पण के साथ काम करने के लिए विश्वविद्यालय समुदाय को धन्यवाद दिया। उन्होंने सभी को सौंपे गए आदेश में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए उच्च गति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय पूरी लगन से सभी शर्तों का पालन करेगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय रैंकिंग को भी बेहतर करने का पूरा प्रयास करेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay