भारत-रूस ने बैनर ऑफ पीस झंडा फहरा कर दिया शांति का संदेश

Monday, May 01, 2017 - 02:01 AM (IST)

मनाली: अंतर्राष्ट्रीय रोरिक मैमोरियल ट्रस्ट नग्गर में भारत और रूस ने बैनर ऑफ  पीस का झंडा फहरा कर दुनिया को शांति का संदेश दिया। रोरिक निकोलस ने आज से 70 साल पहले भारत और रूस को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया था और उसमें वह सफल भी रहे थे। तब से लेकर हर वर्ष दोनों देश रोरिक आर्ट गैलरी में बैनर ऑफ  पीस के झंडे को लहरा रहे हैं। झंडा लहराने से पहले दोनों देशों के प्रतिनिधियों की ओर से शांति पूजा की गई। रूस के राजदूत एनटोली वी कारगापोलोव ने इस शुभ दिन की बधाई दी और रोरिक आर्ट गैलरी को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया।

भारत-रूस के संबंधों को मजबूत करने के बेहतर प्रयास 
राजदूत ने कहा कि भारत और रूस के संबंधों को मजबूत करने के लिए बेहतर प्रयास किए जाएंगे। राजदूत ने भारत के प्रशासनिक अधिकारियों संग मिलकर 2 चित्रकला प्रदर्शनियों का शुभारंभ भी किया। भारत की ओर से प्रशासनिक अधिकारी ए.डी.सी. कुल्लू राकेश और और ए.सी. टू डी.सी. अमित गुलेरिया ने राजदूत का स्वागत किया। इस दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक शशि ठाकुर ने भी स्थापना दिवस की बधाई दी।

रशियन ग्रुप रादूगा का सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे बेहतर
इस दौरान रशियन ग्रुप रादूगा का सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे बेहतर रहा। रूस के इन कलाकारों ने रूस के लोकनृत्य सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर धमाल मचाया। कार्यक्रम में रोरिक आर्ट के नौनिहालों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। बच्चों द्वारा बेहतरीन कुल्लवी नाटी भी प्रस्तुत की गई जिसे रूस के प्रतिनिधियों ने खूब सराहा। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें दर्जनों चित्रकारों ने अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए।