इस निर्दलीय प्रत्याशी ने कांग्रेस पर की आरोपों की बौछार, बोले-मुझे EVM हैक होने का संदेह

Thursday, Dec 21, 2017 - 09:33 AM (IST)

रामपुर बुशहर: हिमाचल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पूर्व मंत्री एवं रामपुर विधानसभा हलके से निर्दलीय प्रत्याशी सिंघी राम ने रामपुर कांग्रेस पर आरोपों की बौछार की है। उन्होंने कहा कि रामपुर में कांग्रेस ने धन-बल के प्रयोग के साथ जातिवाद की राजनीति की है, जो भविष्य के लिए घातक हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वर्णों पर और भाजपा ने अनुसूचित जाति को फ ोकस कर चुनावी मैदान में काम किया है। उन्होंने कहा कि रामपुर में चुनावों के दौरान कांग्रेस का निशाना भाजपा न होकर उन्हें बनाया गया। उन पर मर्यादाओं को तोड़कर कई तुच्छ टिप्पणियां कीं।

मुझे ई.वी.एम. हैक करने का संदेह
उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की पुख्ता खबरें मिल रही हैं, जिससे जाहिर होता है कि वे दलगत राजनीति का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों का उनको समर्थन मिल रहा था, उसके आधार पर इतने कम मत मिलना संदेह पैदा करता है। उनका आरोप है कि रामपुर क्षेत्र में पहली बार कांग्रेस ने लोगों का जाति आधार पर विभाजन किया है जोकि लोकतंत्र के भविष्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसा इस चुनाव क्षेत्र में पहली बार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि मुझे ई.वी.एम. हैक करने का भी संदेह है। इस बारे में वे अपने कानूनी सलाहकार से सलाह-मशविरा कर अगला कदम उठाएंगे।