जिन्होंने वोट नहीं डाले, उनसे भी नहीं होगा भेदभाव : रीता

Tuesday, Dec 19, 2017 - 07:41 PM (IST)

इंदौरा (अजीज खादिम): भाजपा प्रत्याशी रीता धीमान के इंदौरा से विजयी होने से इंदौरा भाजपा में खुशी की लहर है। आज सारा दिन उनके घर और फोन पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा, वहीं नवनिर्वाचित विधायिका रीता धीमान ने मंगलवार को अपनी कुल देवी नागनी माता मंदिर भडवार व क्यालू बाबा मंदिर गंगथ में जीत की मन्नत पूरी होने पर माथा टेका। यहां पहुंचने पर उनका नोटों व पुष्प हारों, नारों व ढोल नगाड़ों से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर रीता धीमान ने कहा कि उनकी यह जीत क्षेत्र के हरेक मतदाता की है जिन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने भले ही भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा है लेकिन अब वे पूरे विधानसभा क्षेत्र की विधायिका हैं और जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं भी डाले उनसे भी कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा सभी वर्गों के समान विकास पर बल दिया जाएगा। किसी भी व्यक्ति से कांग्रेस-भाजपा या अन्य दल के नाम पर भेदभाव नहीं करेंगी।

क्षेत्र की सारी जनता मेरा परिवार है
उन्होंने कहा की विजयी होने के बाद क्षेत्र की सारी जनता मेरा परिवार है। उन्होंने कहा कि उनका चुनाव लडऩे का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं है बल्कि क्षेत्रवासियों की सेवा भाव से ही वह राजनीति में आईं हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उन्हें वोट नहीं भी डाले वे भी अपने मन में कोई संकोच की भावना न रखें। इस दौरान उन्होंने प्रेस के माध्यम से उनकी जीत में अहम भूमिका निभाने वाली टीम व सभी मतदाताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता की ऋणी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी समस्याएं उनके ध्यान में हैं और क्रमवार सभी को दूर किया जाएगा। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का भी सहयोग के लिए आभार प्रकट किया है। इस अवसर पर उनके साथ मंडलाध्यक्ष घनश्याम संबयाल, मोतीलाल जोशी, महामंत्री अश्वनी शर्मा, पूर्व प्रधान हंस राज कंगरेड़ी, शैलजा पठानिया, सतविंद्र कटोच,बी.डी.सी. रजिंद्र पठानिया, महिंद्र शर्मा, सुरेंद्र भल्ला, शुन्ना राणा,पम्मी, सुखदेव, शाम लाल व रामनाथ शर्मा सहित भाजपा मंडल के प्रमुख गण्यमान्य उपस्थित रहे।