बाल विवाह प्रकरण में लड़का-लड़की के परिजनों पर गिर सकती है गाज, पढ़ें खबर

Wednesday, Mar 28, 2018 - 12:20 AM (IST)

कुल्लू: भुंतर पुलिस थाना के अधीन एक गांव में बाल विवाह प्रकरण में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बीते रोज जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास वीरेंद्र आर्य ने विभाग की टीम के साथ बाल विवाह को रुकवाया था। इस दौरान लड़की और लड़के के परिजनों ने टीम को चकमा देते हुए लड़का और लड़की को मौके से भगा दिया, ऐसे में टीम सिर्फ शादी समारोह की फोटो और वीडियोग्राफी करने तक ही सीमित रह गई। अब विभाग ने मामला पुलिस विभाग के सुपुर्द कर दिया है। 

लड़का 21 का तो लड़की की उम्र 13 साल
भुंतर थाना पुलिस ने लड़का और लड़की के परिजनों के खिलाफ प्रोहिबिशन ऑफ चाइल्ड मैरिज एक्ट 2006 की धारा 10 और 11 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। लड़की के माता-पिता जिस गांव के रहने वाले हैं वह गांव सदर पुलिस थाना के अधीन है जबकि लड़के का घर भुंतर पुलिस थाना क्षेत्र में है। लड़का और लड़की कहां हैं इसका अभी तक पुलिस को सुराग नहीं लग पाया है। लड़की की उम्र अभी महज 13 साल है और लड़का 21 साल का है। लड़की 18 अप्रैल को 14 वर्ष की हो जाएगी। 

लड़का-लड़की के परिजन भी हुए भूमिगत
बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की के परिजन भी पुलिस जांच से पीछा छुड़ाने के लिए भूमिगत हो गए हैं। बाल विवाह का यह प्रकरण इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। विभाग के दल ने मौके पर पहुंचकर बीते रोज शादी समारोह को रोक दिया था, ऐसे में शादी समारोह में आए मेहमान भी कुल्लवी धाम खाकर चलते बने। दूल्हा और दुल्हन को देखने के लिए हर कोई उत्सुक था लेकिन परिजनों ने विभाग की टीम की दबिश के साथ ही उन्हें भगा दिया। 

Punjab Kesari