America आयातित सेब पर बढ़ा टैरिफ, हिमाचली व्यापारियों को मिलेगा लाभ

Friday, Jun 29, 2018 - 07:04 PM (IST)

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश:हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा अमेरिका से आयातित सेब पर टैरिफ 50 से बढ़ाकर 80 किए जाने वाले फैसले का स्वागत करते हुए इसे हिमाचली सेब व्यापारियों के हित में उठाया गया एक बड़ा कदम बताया है।  उन्होंने कहा कि भारत आज एक उभरती हुई बड़ी अर्थव्यवस्था है और दुनिया का हर देश भारत के साथ अपने व्यापारिक हितों को मजबूती देने के लिए तत्पर है। केंद्र की मोदी सरकार देश के साथ-साथ देशवासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।


पूरे देश में सेब उत्पादन का एक बड़ा केंद्र है हिमाचल
उन्होंने कहा कि हिमाचल पूरे देश में सेब उत्पादन का एक बड़ा केंद्र है और प्रदेश के बहुत से लोगों की रोजी-रोटी सेब के व्यापार से जुड़ी हुई है। केंद्र सरकार ने इसी दिशा में एक बड़ा निर्णय लेते हुए अमेरिका से आने वाले सेब पर टैरिफ को बढ़ा कर 50 से 80 कर दिया है जिससे देश में हिमाचली सेबों की खपत बढ़ेगी और इसके चलते हिमाचल प्रदेश के सेब व्यापारियों को बड़ा लाभ होगा। हिमाचल के हित में लिए गए इस बड़े फ़ैसले के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री  समेत पूरी कैबिनेट का आभार जताया है।


1900 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता को दी मंजूरी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश से विशेष प्रेम है और प्रदेश के विकास के लिए वो हर जरूरी कदम उठाते हैं। हाल ही मे केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 1900 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल भारत के उन गिने-चुने पर्यटन क्षेत्रों में आता है जिन्हें उंगलियों पर गिना जाता है और ऐसे में केंद्र द्वारा 1900 करोड़ रुपए की मंजूरी से पर्यटन का बेहतर ढांचा विकसित कर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Vijay