भाजपा नेत्री पर अभद्र टिप्पणी का बढ़ा विवाद, प्रदेश में गरमाई सियासत

Saturday, Nov 03, 2018 - 11:35 PM (IST)

शिमला: प्रदेश की एक भाजपा नेत्री की तरफ से मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात एक नेता के खिलाफ आरोप लगाए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाए जाने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि यह मामला महिला के सम्मान से जुड़ा है, जिसमें सीधे तौर पर मुख्यमंत्री कार्यालय पर उंगली उठी है। लिहाजा ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई को सामने लाया जा सके। इसके विपरीत भाजपा के वरिष्ठ नेता इस पर टिप्पणी करने से गुरेज कर रहे हैं।

महिला को मिलना चाहिए न्याय : नरेश चौहान
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव नरेश चौहान का कहना है कि महिला को न्याय मिलना चाहिए। सरकार को इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए सीधे तौर मामले की जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले पर सरकार से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति दयनीय है। महिलाओं पर अत्याचार के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। इससे महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उधर, जब इस मामले में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इंकार किया।

भाजपा नेत्री ने ई-मेल के माध्यम से दी है शिकायत
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेत्री ने प्रदेश महामंत्री संगठन को ई-मेल के माध्यम से शिकायत करके मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठे एक नेता पर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित नेता ने ज्वालामुखी में गत 8 जुलाई को आयोजित पार्टी की एक बैठक के दौरान उनके पति की मौजूदगी में उनके चरित्र पर कई तरह के लांछन लगाए। उनको इसकी जानकारी अपने पति से घर पहुंचकर मिली, जिसके बाद वह स्वयं को आहत महसूस कर रही हैं और झूठी अफवाह के कारण मानसिक रूप से परेशान हैं। इस पत्र में महिला नेत्री ने उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Vijay