मनाली में भूस्खलन का खतरा बढ़ा, गिरने के कगार पर मकान

Sunday, Feb 10, 2019 - 03:16 PM (IST)

मनाली: लगातार हुई बर्फबारी से मनाली में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। जगह-जगह भूस्खलन होने से लोग परेशान हैं। मनाली से 5 किलोमीटर दूर आलू ग्राऊंड में लाल चन्द का घर कभी भी भूस्खलन की चपेट में आ सकता है, जिससे उनका परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। फोरलेन सड़क निर्माण कम्पनी ने खुदाई तो कर डाली लेकिन सुरक्षा दीवार लगाना जरूरी नहीं समझा। इस स्थान पर काफी पहले से भूस्खलन हो रहा है। लाल चंद कई बार इस विषय में फोरलेन सड़क निर्माण कम्पनी से मिल चुका है लेकिन उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। लाल चन्द का कहना है कि लगातार हो रहे भूस्खलन से मकान कभी भी गिर सकता है। 

उन्होंने बताया कि इस बारे उन्होंने फोरलेन कम्पनी के खिलाफ एफ.आई.आर. भी दर्ज करवाई है। लाल चन्द ने प्रशासन से भी मदद की गुहार लगाई है। दूसरी ओर अलेउ में भी भारी भू-स्खलन हुआ है। भूस्खलन से हालांकि जानी नुक्सान नहीं हुआ है लेकिन आई.पी.एच. विभाग की पानी की मेन सप्लाई टूट गई है, जिससे कहीं-कहीं पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। आई.पी.एच. विभाग मनाली के एस.डी.ओ. अमित कुमार में बताया कि पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है जिसे ग्रामीणों की मदद से ठीक किया जा रहा है। मनाली तहसीलदार शमशेर सिंह ने बताया कि आलू ग्राऊंड में भूस्खलन से लाल चंद के मकान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही रैवेन्यू विभाग की टीम आलू ग्राऊंड का दौरा करेगी।
 

Ekta