खेतों में काम करने गई महिला के साथ हादसा, ऐसे मिली भयानक मौत

Wednesday, Jul 12, 2017 - 09:02 PM (IST)

धर्मपुर: उपमंडल की सिद्धपुर पंचायत के जोल मलहुआ की कंचना देवी (35) पत्नी कुलदीप की ब्यास नदी में डूबने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10 बजे उक्त महिला ब्यास नदी के किनारे अपने खेतों में कार्य करने के लिए गई थी और कैसे ब्यास नदी में बह गई, इसका किसी को पता नहीं चला है। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति अशोक कुमार ने ब्यास नदी में महिला को बहते हुआ देखा तो उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए ब्यास नदी में छलांग लगा दी और उसे बाहर निकाला। घटनास्थल पर और लोग भी एकत्रित हो गए, जिसके बाद महिला को तुरंत धर्मपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि ब्यास नदी में जलस्तर बहुत ज्यादा होने की वजह से महिला की मौत डूबने से हुई है।

अशोक की पूरे क्षेत्र में सराहना
वहीं अशोक कुमार की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है कि उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए ब्यास नदी में छलांग लगाकर महिला को निकाला। अशोक कुमार फौज में नौकरी करता है और आजकल छुट्टी पर घर आया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धर्मपुर जय लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। महिला का पति एच.आर.टी.सी. में परिचालक है और वह ड्यूटी पर था। थाना प्रभारी धर्मपुर जयलाल ने मामले की पुष्टि की है। 

बरसात में ब्यास नदी से रहें दूर : एस.डी.एम.
एस.डी.एम. धर्मपुर किशोरी लाल ने क्षेत्र के लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है। उन्होंने पंचायत प्रधानों व सचिवों से भी अपील की है कि वे लोगों को इस बारे में जागरूक करें तथा उन्हें नदी-नालों के किनारे न जाने की सलाह दें। उन्होंने कहा कि ब्यास नदी का जलस्तर उफान पर है और इससे दूर रहें ताकि कोई अनहोनी न हो।