शादी समारोह में जा रहे लोगों के साथ हुआ हादसा, 5 घायल

Wednesday, Feb 14, 2018 - 06:26 PM (IST)

चम्बा: चम्बा-सिढकुंड मार्ग पर बुधवार को एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 6 में से 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा में भर्ती कर लिया गया है। पुलिस सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंच कर घायलों के बयान कलमबद्ध कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। यातायात पुलिस कर्मी चंद्रहंस ने अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंच कर मौके का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रथम दृष्टि में दुर्घटना का कारण कार का स्किड होना पाया गया है।

ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर को कार (एच.पी.48ए-4839) में 4 महिलाएं व 2 पुरुष सवार होकर माणी से धुलारा में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। जब ये लोग अपने घर से थोड़ी दूर भरनाट नामक स्थान पर पहुंचे तो गाड़ी चालक हेमराज पुत्र चमारू राम निवासी गांव मुलका गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। परिणामस्वरूप गाड़ी सड़क से करीब 20 फुट नीचे खेत में जा पहुंची। इस दुर्घटना में गाड़ी चालक को छोड़ शेष 5 लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा में भर्ती करवाय गया है।

ये हुए हादसे में घायल
घायलों में  सुमित्रा (65) पत्नी बलदेव निवासी गांव शक्तिदेहरा, सुतो देवी (47) पत्नी कर्म सिंह निवासी गांव संधि, अशनी देवी (50) पत्नी पवन कुमार निवासी गांव शक्तिदेहरा, कर्म चंद पुत्र मोती राम निवासी गांव (देघा) सिढकुंड व बबीता पुत्री चमन सिंह निवासी गांव संधि शामिल हैं। गाड़ी चालक को इस दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार घायलों में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई है। फिलहाल पुलिस ने सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंच कर घायलों के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।