खाना बनाते समय विद्युत कर्मचारी के साथ हादसा, गंभीर हालत में पहुंचा अस्पताल

Monday, Apr 08, 2019 - 06:22 PM (IST)

सोलन (अमित डोभाल): सोलन शहर के कथेड़ में एक विद्युत विभाग का कर्मचारी अपने कमरे में गैस की आग से झुलस गया। गंभीर हालत में 108 एम्बुलैंस के माध्यम से उसे तुरन्त क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार सोलन विद्युत विभाग में तैनात कर्मचारी संजीव कुमार रात्रि ड्यूटी समाप्त करके सुबह अपने कमरे में गया। जैसे ही उसने खाना बनाने के लिए गैस जलाई तो अचानक मौके पर आग लग गई, जिसके कारण वह आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया।

मकान मालिक ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी जैसे ही उसके मकान मालिक को मिली तो वह वैसे ही कमरे के अंदर गया और घायल अवस्था में संजीव को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां पर कर्मचारी का इलाज चल रहा है। इसकी सूचना पुलिस विभाग को अस्पताल प्रशासन ने दी। अस्पताल में मौजूद पुलिस कर्मचारी ने भी तुरन्त मौके का जायजा लिया। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के सब डवीजन-1 के सहायक अधिशासी अभियन्ता मनीश कुमार आर्य सहित जे.ई. ने भी अस्पताल में उपचाराधीन घायल का हालचाल पूछा।

कुछ दिनों पहले ही यहां पर आया था संजीव कुमार

सहायक अधिशासी अभियंता मनीश कुमार आर्य ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि संजीव कुमार कुछ दिनों पहले ही यहां पर आया है और वह कथेड़ स्थापित 33 के.वी. सब स्टेशन में कार्यरत है। रात्रि ड्यूटी समाप्त करके वह सुबह अपने कमरे में गया। जहां उसके साथ यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि आग के कारण उसके हाथ व दोनों टांगें आग से झुलस गई हैं। उन्होंने कहा कि अब वह अस्पताल में उपचाराधीन है।

Vijay