फ्रांस में पैगम्बर मोहम्मद के चलचित्र बनाने की घटना निंदनीय : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा

Thursday, Nov 05, 2020 - 05:30 PM (IST)

ऊना (अमित): जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष बशीर मोहम्मद ने फ्रांस में पैगम्बर मोहम्मद के चलचित्र बनाने की घटना को निंदनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे विश्व के मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिसकी वे कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। विश्व समुदाय को धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। किसी की भी धार्मिक भावना को इस तरह से ठेस पहुंचाना कतई उचित नहीं है। बशीर मोहम्मद ने इस घटना के बाद जवाबी कार्रवाई में हुई हिंसक घटनाओं की भी कड़े शब्दों में निंदा की है।

उन्होंने कहा कि इस्लाम में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। फ्रांस में जो कुछ हुआ उसका समूचे विश्व के मुस्लिम विरोध करते हैं। चलचित्र के खिलाफ एकता के साथ आवाज उठाई जानी चाहिए थी। इसके जवाब में हिंसक घटनाओं को अंजाम देना इस्लाम के पूर्णतया खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अभिव्यक्ति की आजादी है किंतु किसी की भी भावना को यहां पर ठेस नहीं पहुंचाई जाती है। उन्होंने भारत के भी मुस्लिम समुदाय से हिंसक घटनाओं का सहारा न लेने की अपील की है।

Vijay