Bilaspur: घर के बाहर खड़ी थी बुजुर्ग महिला...अचानक काल बनकर आया बैल, परिवार में पसरा मातम

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 02:31 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले मे बेसहारा पशुओं का आतंक अब जानलेवा साबित होने लगा है। जिला के उपतहसील भराड़ी के अंतर्गत आने वाले डंगार कस्बे में एक बैल ने हमला कर बुजुर्ग महिला की जान ले ली। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों शोक की लहर और डर का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डंगार निवासी बुजुर्ग महिला परसीनो देवी बीते बुधवार को अपने घर के समीप ही मौजूद थीं। इसी दौरान वहां घूम रहे एक बैल ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बैल ने महिला को अपने सींगों पर उठाकर ऐसे जमीन पर पटका कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बैल को वहां से खदेड़ा, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। इसके बाद परिजन घायल महिला को नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन बैल के हमले में पेट, बाजू और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर आई गंभीर चोटें के चलते महिला ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

उधर, डंगार व्यापार मंडल के प्रधान संदीप जसवाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की समस्या लंबे समय से नासूर बनी हुई है। स्थानीय पंचायत ने ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाकायदा एक प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजा था। कुछ समय पूर्व विभाग की एक टीम आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए क्षेत्र में आई भी थी, लेकिन वह टीम बिना किसी सफलता के खाली हाथ लौट गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने उस समय तत्परता दिखाई होती और इन खूंखार बैलों को पकड़ लिया होता, तो आज परसीनो देवी हमारे बीच जीवित होतीं।

फिलहाल, इस मामले में अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन इस घटना ने हिमाचल के ग्रामीण इलाकों में बेसहारा पशुओं के बढ़ते खतरे को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इन बेसहारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने की व्यवस्था करे, ताकि भविष्य में किसी और निर्दोष को अपनी जान न गंवानी पड़े। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News