सीवरेज चैंबर की सफाई करते 2 कर्मचारियों के साथ हुआ ये हादसा, अस्पताल में भर्ती

Tuesday, Aug 17, 2021 - 05:14 PM (IST)

भुंतर (सोनू): जिला कुल्लू के भुंतर के साथ लगते हाथीथान में जल शक्ति विभाग के सीवरेज चैंबर को साफ करते समय 2 सफाई कर्मचारियों को अचानक गैस लग गई, जिसके चलते वे बेहोश हो गए। सफाई कर्मचारियों को अन्य कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने तुरंत चैंबर से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और उसके उपरांत चिकित्सकों ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रैफर कर दिया। अब इन दोनों कर्मचारियों का उपचार चल रहा है।

बता दें कि हाथीथान में कुछ दिनों से सफाई कर्मचारियों की टीम चैंबरों को साफ कर रही है, ऐसे में मंगलवार दोपहर के समय चैंबर के भीतर 2 कर्मचारी काम कर रहे थे। गैस अधिक होने के कारण दोनों की हालत तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने फटाफट उपचार के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अब उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं जल शक्ति विभाग के एसडीओ गौरव शर्मा ने कहा कि दोनों कर्मचारियों की हालत अब ठीक है और चैंबर में गैस लगने के कारण दोनों की तबीयत खराब हो गई थी। अब दोनों कर्मचारियों का कुल्लू अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और दोनों अब स्वस्थ हैं।

Content Writer

Vijay