ऊना में 108 एंबुलेंस चाहिए तो खुद करें Oxygen सिलेंडर का इंतजाम (Video)

Monday, Nov 26, 2018 - 04:22 PM (IST)

ऊना (अमित): अगर आप किसी हादसे या किसी गंभीर बीमारी के दौरान ऊना जिला में 108 रोगी वाहन की सेवा लेना चाहते हैं तो ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम खुद ही कर लें, क्योंकि जिला में सड़क पर दौड़ने वाली किसी भी 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं है। जहां तक कि क्षेत्रीय अस्पताल से पीजीआई को मरीज लेने जाने वाले 108 वाहन में सिलेंडरों में ऑक्सीजन खत्म हो चुकी है। ऊना में कुल नौ 108 रोगी वाहन सेवाएं दे रहे है जिनमें से एक वाहन पिछले करीब चार माह से खराब होने के कारण क्षेत्रीय अस्पताल में ही खड़ा है। वहीं शेष आठ 108 एंबुलेंस बिना ऑक्सीजन सिलेंडर के ही सेवाएं दे रही है। 


प्रत्येक 108 वाहन में ऑक्सीजन के दो सिलेंडर मरीजों की सुविधा के लिए लगाए गए हैं। लेकिन कुछ एक को छोड़कर लगभग सभी सिलेंडर खाली है। जिस सिलेंडर में गैस शेष है, उनमें भी मात्र 5 से 10 प्रतिशत ही है। ऐसे में 108 रोगी वाहन कर्मियों को दिक्कत पेश आ रही है। ऑक्सीजन सिलेंडरों में गैस फिलिंग ना होने का मुख्य कारण गैस फील करने वाली कंपनी की बकाया राशि जमा न करवाना बताया जा रहा है।


इस समस्या को लेकर 108 एंबुलेंस कर्मी भी खासे परेशान हैं जिस कारण एंबुलेंस कर्मी ऑक्सीजन की जरूरत वाले मरीजों को अपने वाहन में बिठाने से कतरा रहे है। 108 कर्मियों की माने तो इस मामले को 108 सेवा देने वाली जीवीके कंपनी के उच्चाधिकारियों के ध्यान में ला दिया गया है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वहीं डीसी ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। इस मामले को लेकर सीएमओ ऊना और एंबुलेंस सेवा देने वाली कंपनी प्रबंधन से बात की जाएगी, ताकि जल्द ही एंबुलेंस वाहनों में सिलेंडर की सप्लाई सुचारू करवाई जा सके। 

Ekta