दबंगों की धमकी से डरे युवक ने मौत को लगाया गले, 10 दिन तक घुटता रहा, फिर उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 05:59 PM (IST)

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को कुछ परिचित व्यक्तियों ने इतना प्रताड़ित और भयभीत कर दिया था कि उसने तनाव में आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शिमला पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है।

दुकान में घुसकर दी थी जान से मारने की धमकी

पुलिस को दी गई शिकायत में कृष्णा नगर निवासी राजू ने बताया कि उनका भतीजा एक स्थानीय दुकान पर कार्य करता था। आरोप है कि 7 फरवरी को कुछ लोग दुकान पर आए और युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से युवक गहरे सदमे में था और लगातार मानसिक तनाव से गुजर रहा था।

10 दिन तक घुटता रहा युवक, फिर खा लिया जहर

परिजनों के अनुसार, आरोपियों के खौफ और मानसिक दबाव के चलते युवक ने 17 फरवरी को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने सदर थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस

शिमला पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व गवाहों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News